अंगनबाड़ी भर्ती घोटाला: अब अफसरों में छिड़ी जंग, DPO के खिलाफ CDPO ने खोला मोर्चा; 'रबर स्टांप' बनाने का आरोप
मुरादाबाद में आंगनबाड़ी भर्ती में अनियमितताओं को लेकर बाल विकास परियोजना अधिकारियों (सीडीपीओ) ने जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) शैलेंद्र राय पर मोर्चा खोल दिया है।

एआई इमेज
HighLights
चयन प्रक्रिया में हमारी भूमिका सिर्फ रबर स्टांप जैसी, न मेरिट बनाई न दस्तावेजों का हमने सत्यापन किया
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका चयन में अनियमितताओं को लेकर विभाग के भीतर ही आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं। कार्रवाई की रिपोर्ट में सीडीपीओ की जवाबदेही तय हो जाने के बाद अब बाल विकास परियोजना अधिकारियों ने जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) शैलेंद्र राय के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
तीन सीडीपीओ ने मुख्य विकास अधिकारी को पत्र भेजकर भर्ती की पूरी प्रक्रिया डीपीओ और उनकी टीम के स्तर से संचालित किए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने दो टूक कहा है कि चयन में उनकी भूमिका रबर स्टांप से ज्यादा नहीं रही।
शुक्रवार को मुख्य विकास अधिकारी को दिए पत्र में सीडीपीओ ने सवाल उठाया है कि जब उन्हें चयन प्रक्रिया की जानकारी तक नहीं दी गई तो अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार कैसे ठहराया जा रहा है?
उनका कहना है कि विज्ञप्ति कब प्रकाशित हुई, आवेदन की अंतिम तिथि के बाद मेरिट सूची कब तैयार हुई और अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किसने किया, इसकी जानकारी तक उन्हें नहीं दी गई। चयन समिति की बैठकों में भी नहीं बुलाया गया।
पत्र के मुताबिक, मेरिट सूची तैयार करने से लेकर दस्तावेजों के सत्यापन और अंतिम चयन तक का काम जिला स्तर पर डीपीओ ने नई भर्ती होकर आने वाली सुपरवाइजरों की टीम बनाकर अपने कार्यालय में किया।
कौन सी सूची तैयार हुई और किस अभ्यर्थी का अंतिम चयन किया गया, इसकी जानकारी भी सीडीपीओ को नहीं थी। आरोप है कि पदीय प्रभाव का इस्तेमाल कर सिर्फ उनसे हस्ताक्षर करा लिए जाते थे।
सीडीपीओ जानकी देवी, निशि सिन्हा और मीरा शुक्ला ने अपनी भूमिका से इन्कार करते हुए कहा है कि बिना उनका पक्ष सुने बिना ही जांच रिपोर्ट तैयार कर दी गई। उन्होंने सभी सीडीपीओ के बयान दर्ज कराकर नए सिरे से जांच कराने की मांग की है।
अब भर्ती में अनियमितताओं की जांच के साथ यह सवाल भी खड़ा हो गया है कि चयन प्रक्रिया की जिम्मेदारी किसकी थी और जवाबदेही तय करने में किसने खेल किया है? इसका पर भी जांच होनी चाहिए।
आंगनबाड़ी भर्ती में लापरवाही बरतने वाली चार सीडीपीओ के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति करके शासन को भेजी जा चुकी है। सीडीपीओ ने अपने पत्र के माध्यम से जो कहा है, उसको भी दिखवा लेंगे।
- मृणाली अविनाश जोशी, मुख्य विकास अधिकारी
आंगनबाड़ी भर्ती में कुंदरकी, ठाकुरद्वारा, भगतपुर टांडा. मूंढापांडे की सीडीपीओ ने आरक्षण के मामले में लापरवाही बरती है। यह उनकी जिम्मेदारी थी, इसके अलावा भर्ती में कोई अन्य गलती नहीं है। जहां तक पदीय प्रभाव में प्रपत्रों पर हस्ताक्षर कराने का आरोप है, यह गलत है।
- शैलेंद्र राय, जिला कार्यक्रम अधिकारी
यह भी पढ़ें- मुरादाबाद: 15 साल से वेतन को तरस रहे 60 सफाई कर्मी, अब खुली 4.81 लाख रुपये के 'गायब' होने की पोल
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।