खुशखबरी: आंगनबाड़ी में 367 पदों पर बंपर भर्ती शुरू; बिना परीक्षा होगा चयन, 28 अक्टूबर से पहले करें आवेदन
मुरादाबाद में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के कुल 367 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक महिलाएं 28 अक्टूबर तक upanganwadibharti.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं।

एआई इमेज
HighLights
मुरादाबाद में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के 51 और सहायिका के 316 पदों पर नियुक्ति होगी
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। आंगनबाड़ी में नौकरी का इंतजार कर रही महिलाओं के लिए अच्छी खबर है। करीब 10 महीने बाद जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई है। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग ने कुल 367 पदों के लिए आनलाइन आवेदन मांगे हैं।
इनमें कार्यकर्ता के 51 और सहायिका के 316 पद शामिल हैं। नियुक्ति के लिए आनलाइन आवेदन खुले हैं। इच्छुक महिलाएं 28 अक्टूबर की मध्य रात्रि 12 बजे तक आवेदन कर सकती हैं।
भर्ती के लिए लिखित परीक्षा नहीं होगी। मुरादाबाद शहर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के आठ और सहायिका के 97 पद हैं। डींगरपुर में आंगनबाड़ी के 17 और सहायिका के 37, बिलारी में 12 आंगनबाड़ी और 74 सहायिका के पद रिक्त हैं।
छजलैट में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का कोई पद नहीं है, जबकि सहायिका के नौ पद हैं। मूंढापांडे में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पांच और सहायिका के 32, भगतपुर टांडा में एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और 20 सहायिका के पद हैं
वहीं, डिलारी में पांच आंगनबाड़ी और 14 सहायिका तथा ठाकुरद्वारा में तीन आंगनबाड़ी और आठ सहायिका के पदों पर भर्ती होनी है। मुरादाबाद ब्लाक में आंगनबाड़ी का कोई पद नहीं है, जबकि सहायिका के 25 पद रिक्त हैं।
इंटरमीडिएट पास होना अनिवार्य
आवेदन के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी की आयु एक जुलाई 2026 को 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आवेदन करने वाली महिला संबंधित ग्राम सभा अथवा शहरी क्षेत्र के संबंधित वार्ड की निवासी होनी चाहिए।
दूसरे क्षेत्र की निवासी होने पर आवेदन की पात्रता नहीं होगी। आवेदन के साथ आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र सहित शैक्षिक अभिलेख पोर्टल पर अपलोड करने होंगे।
विभाग इनका आनलाइन सत्यापन कराएगा। आवेदन में गलत जानकारी देने या प्रमाण पत्रों में गड़बड़ी मिलने पर अभ्यर्थन निरस्त कर दिया जाएगा। आवेदन की हार्ड कापी अथवा डाक से भेजे गए दस्तावेज स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
इस पोर्टल पर करें आवेदन
महिला अभ्यर्थी विभागीय पोर्टल upanganwadibharti.in पर आवेदन कर सकती हैं। ग्राम पंचायत और वार्डवार रिक्तियों के साथ आरक्षण का विवरण भी पोर्टल पर उपलब्ध है। जिला कार्यक्रम अधिकारी शैलेन्द्र कुमार राय ने बताया कि चयन शासनादेश में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा।
