विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कागजों में 80 करोड़ का कारोबार और 5.90 करोड़ की जीएसटी चोरी, पूर्व बैंक मैनेजर समेत 3 गिरफ्तार

Published: Fri, 27 Nov 2026 03:53 PM (GMT+05:30)

मुरादाबाद में 80 करोड़ रुपये के फर्जी कारोबार और 5.90 करोड़ की जीएसटी चोरी का भंडाफोड़ हुआ है। एसआईटी ने पूर्व बैंक मैनेजर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने किसान के नाम पर बोगस फर्म बनाई थी।

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. बिजनौर के किसान को लोन दिलाने का झांसा लेकर लिए प्रपत्र, बना दी बोगस फर्म

  2. 36 बैंक खातों के माध्यम से किया गया 80 करोड़ रुपये से अधिक का लेनदेन

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। बिजनौर के किसान को लोन दिलाने के नाम पर प्रपत्र लेकर बोगस फर्म बना ली। राजकुमार के नाम से आरके एंटरप्राइजेज फर्म बनाई। इसका पता थाना मझोला क्षेत्र का फर्जी दर्शाया गया था। फर्म के माध्यम से बिना माल की खरीद-फरोख्त किए तीन अन्य फर्मों को माल की आपूर्ति दिखाकर बिल और ई-वे बिल जारी किए गए।

36 बैंक खातों में 80 करोड़ रुपये का लेनदेन करके पांच करोड़ 90 लाख रुपये की जीएसटी चोरी की। पूर्व बैंक मैनेजर सरवर ने बैंकों में लोन दिलाने के बहाने बैंक खाते खुलवाए।

एसआइटी टीम ने गुरुवार को पूर्व बैंक मैनेजर सरवर, अंकित पाल और अताउर्रहमान को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से सिम कार्ड, एटीएम, पैन कार्ड, आधार कार्ड और रेंट एग्रीमेंट बरामद किए है।

इसी साल मार्च माह में जीएसटी विभाग के अधिकारियों ने बिजनौर निवासी राजकुमार के खिलाफ मझोला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। राजकुमार पर आरोप था कि इन्होंने बोगस फर्म बनाकर जीएसटी चोरी की।

प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पूरे मामले की जांच एसआइटी को सौंपी गई। एसआइटी टीम के सीओ वरुण कुमार के अनुसार, मझोला के बुद्धि विहार निवासी अंकित पाल की मुलाकात वर्ष 2021 में बिजनौर निवासी किसान राजकुमार से हुई।

राजकुमार लोन लेने के बैंकों के चक्कर लगा रहे थे। अंकित पाल ने लोन दिलाने का झांसा देकर किसान से प्रपत्र ले लिए। इसके बाद राजकुमार के नाम से एक फर्जी बिजली का बिल बनवाया जिसमें पता मझोला दर्शाया गया और बाद में बोगस फर्म बना ली।

फर्म के माध्यम से ब्रास का कारोबार शुरू कर दिया। कारोबार में करोड़ों रुपये की खरीद-फरोख्त करनी शुरू कर दी। इसी बीच अताउर्रहमान निवासी फील खाना कोतवाली को अपने साथ मिला लिया।

बैंक खातों की जरूरत पड़ी तो दोनों आरोपितों ने पूर्व बैंक मैनेजर सरवर निवासी कुबडा नीम मुहल्ला नई बस्ती कोतवाली मुरादाबाद से संपर्क किया।

तीनों ने मिलकर ई-रिक्शा चालक मोहम्मद आलिम, ट्रक चालक नन्हे अली, मजदूर ताहिर अली के नाम पर बनाई गई फर्मों के जरिए कई व्यापारियों के साथ बोगस बिलिंग की गई।

जांच में सामने आया कि कागजों में माल की खरीद-बिक्री दिखाई गई, जबकि वास्तव में किसी तरह का माल इधर से उधर नहीं हुआ। उस समय सरवर यस बैंक में मैनेजर था।

उसने अपने बैंक में गरीब लोगों के कागज लेकर बैंक खाते खोले। बाद में वह आरबीएल बैंक, आइसीआइसीआई बैंक, इंडसइंड बैंक और आइडीबीआइ बैंक में मैनेजर हुआ और सभी बैंकों में 36 बैंक खाते खोल दिए। इन बैंक खातों में 80 करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ।

इसके बाद रकम नकद निकालकर आपस में बांट ली जाती थी। सरवर की दस्तावेजों में हेराफेरी कर फर्जी खाते खुलवाता और खुद ही रकम निकालता था। लोगों को बैंक से आसानी से कर्ज दिलाने का झांसा देकर उनके खाते भी इस्तेमाल किए गए।

अताउर्रहमान लोगों को धोखे में रखकर दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराता था। उनके आधार और पैन कार्ड का दुरुपयोग कर फर्मों के साथ बैंक खाते और चार पहिया वाहन भी फाइनेंस कराए गए।

यह भी पढ़ें- सुरक्षा पर संकट या काम का दबाव? मुरादाबाद रेल मंडल में 1500 पद खाली, थकान में ट्रेन दौड़ा रहे लोको पायलट

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।