रील स्क्रॉल करने और जंक फूड की आदत से बढ़ रहा फैटी लिवर, गैस्ट्रो विशेषज्ञ ने बताए बचाव के आसान तरीके
बदलती जीवनशैली और गलत खानपान से युवाओं में फैटी लिवर, गैस व पेट संबंधी बीमारियां बढ़ रही हैं। गैस्ट्रो विशेषज्ञ डॉ. सौरभ जिंदल ने पौष्टिक भोजन, नियमित व्यायाम और पर्याप्त पानी पीने जैसे बचाव के आसान तरीके बताए।

एआई इमेज
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। बदलती जीवनशैली, खानपान में लापरवाही, फास्ट फूड, मोटापा और शारीरिक गतिविधियों की कमी के कारण युवाओं में फैटी लिवर, काला पीलिया, गैस, एसिडिटी और पेट संबंधी समस्याएं सामने आ रहीं हैं। लंबे समय तक इन लक्षणों को नजरअंदाज करना लिवर को गंभीर नुकसान पहुंचाता है।
थकान, भूख न लगना, पेट में दर्द और पीलापन जैसे लक्षणों पर जांच जरूरी है। बुधवार को दैनिक जागरण कार्यालय में हुए हेलो डाॅक्टर कार्यक्रम में डीएम गैस्ट्रो डाॅ. सौरभ जिंदल ने पाठकों के सवालों का जबाव दिए।
उन्होंने बताया कि खाने का समय नियत करें और तले-भुने से परहेज करें। जीवनशैली ऐसी अपनाएं कि आपको दवा की जरूरत ही न पड़े। प्रतिदिन पैदल टहलने की आदत से समस्याएं कम हो जाएंगी। ढाई से तीन लीटर पानी का सेवन जरूर करें। पौष्टिक और सुपाच्य भोजन करें।
सवाल : मेरी पत्नी के पेट दर्द रहता है। भूख भी नहीं लगती है? - श्याम मलिक, रामगंगा विहार
जवाब : पौष्टिक और सुपाच्य भोजन करें। अगर दर्द लगातार बना हुआ है तो आप उनका परीक्षण कराएं। पहले अल्ट्रासाउंड और खून की कुछ जांचें होंगी। आप किसी गैस्ट्रो के विशेषज्ञ से परामर्श करें। वह यह सभी जांचे कराएंगे। इससे स्थिति का पता चला जाएगा।
सवाल : मेरा पेट ठीक नहीं रहता है। कब्ज की समस्या बनी हुई है? - मो. अजमल, करूला मियां कालोनी
जवाब : आपको पानी खूब पीना चाहिए। रात में दो चम्मच इसबगोल की भूसी का सेवन करें। इससे आपके पेट को काफी हद तक आराम आ जाएगा। साथ ही आप किसी गैस्ट्रो विशेषज्ञ से परामर्श भी करें। वह जांच कराने के बाद बता पाएंगे कि यह समस्या क्यों हो रही है।
सवाल : मुझे हर्निया की समस्या हो रही है। कुछ समझ नहीं आ रहा है? - योगेश दूबे, कुंदरकी
जवाब : हर्निया कई प्रकार के होते हैं। कई बार हर्निया की समस्या में मात्र दवाओं से काम चल जाता है। आपको चिकित्सक से पहले परामर्श लेना चाहिए। इसके बाद वह बताएंगे की इसमें दवा चलेगी या फिर सर्जरी होगी।
सवाल : मुझे नाभी के आसपास दर्द की समस्या रहती है? - ज्योत्सना गुप्ता, गोविंद नगर
जवाब : आपको यह दर्द गैस की वजह से हो सकता है। सबसे पहले तो आपको पैदल टहलने की आदत डालनी होगी। साथ ही आप विशेषज्ञ चिकित्सक से भी परामर्श करें। वह कुछ जांच कराएंगे। इससे सही स्थिति का पता चलेगा।
सवाल : मेरा आठ साल का बेटा है। उसे पेट दर्द की समस्या है। गांठ बताई हैं? - प्रदीप कुमार, भोला सिंह की मिलक
जवाब : कई बार बच्चों में इंफेक्शन की वजह से गांठ हो जाती हैं। 1.5, 2.5 की गांठ आई है तो घबराने की कोई बात नहीं है। आप अच्छे बाल रोग विशेषज्ञ से परामर्श करें। वह जो एंटीबायोटिक दवाओं का कोर्स कराएं। उसे करें। इससे आपके बेटे को आराम आ जाएगा।

जागरण के पांच सवाल और उनके जवाब
सवाल 1. युवाओं में फैटी लिवर की समस्या तेजी से क्यों बढ़ रही है?
जवाब : युवाओं में फास्ट फूड, तली-भुनी चीजों का अधिक सेवन, मोटापा और शारीरिक गतिविधियों की कमी फैटी लिवर की प्रमुख वजह हैं। घंटों बैठकर फोन चलाना और व्यायाम नहीं करना भी लिवर में चर्बी बढ़ने का खतरा बढ़ाता है।
सवाल 2. फोन पर रील देखने और खेलकूद से दूरी का पेट पर क्या असर पड़ता है?
जवाब : घंटों फोन देखने से शारीरिक गतिविधियां कम हो जाती हैं। इससे मोटापा, कब्ज, गैस और पाचन संबंधी समस्याएं बढ़ती हैं। आउटडोर गेम और नियमित व्यायाम से दूरी शरीर का मेटाबालिज्म प्रभावित करती है, जिसका असर पेट और लिवर पर पड़ता है।
सवाल 3. काला पीलिया क्या है और इसके शुरुआती लक्षण कैसे पहचानें?
जवाब : काला पीलिया आमतौर पर हेपेटाइटिस-बी और सी संक्रमण के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला नाम है। शुरुआत में थकान, कमजोरी, भूख कम लगना और पेट में परेशानी हो सकती है। कई बार लक्षण नहीं दिखते, इसलिए जोखिम होने पर जांच जरूरी है।
सवाल 4. लगातार गैस, एसिडिटी और पेट दर्द होने पर क्या सावधानी बरतनी चाहिए?
जवाब : बार-बार गैस, एसिडिटी और पेट दर्द को सामान्य समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर चिकित्सक से परामर्श लें। भोजन का समय नियमित रखें, अधिक मसालेदार और तैलीय भोजन से बचें। बिना चिकित्सकीय सलाह के दवा लेने से बचें।
सवाल 5. पेट, लिवर और पैनक्रियाज को स्वस्थ रखने के लिए कैसी दिनचर्या अपनाएं?
जवाब : संतुलित भोजन करें और रोजाना कम से कम 30 मिनट व्यायाम या पैदल चलें। हरी सब्जियां, फल और पर्याप्त पानी लें। फास्ट फूड, मीठे पेय और शराब से दूरी रखें। फोन का उपयोग घटाकर पर्याप्त नींद लें।
यह भी पढ़ें- न प्रमोशन मिला, न समायोजन... मुरादाबाद में गुपचुप तरीके से पूरी कर दी गई 367 पदों पर आंगनबाड़ी भर्ती!
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।