मुरादाबाद में किशोरी से दुष्कर्म, दोषी को आजीवन कारावास की सजा
मुरादाबाद कोर्ट ने अनुसूचित जाति की किशोरी का अपहरण और दुष्कर्म करने वाले सुनील शर्मा को आजीवन कारावास और दो लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। यह फैसला पाक्सो कोर्ट-एक की विशेष न्यायाधीश रेशमा चौधरी की अदालत ने साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर सुनाया।

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
सुनील शर्मा को आजीवन कारावास की सजा मिली।
किशोरी के अपहरण और दुष्कर्म मामले में दोषी करार।
कोर्ट ने दो लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया।
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। अनुसूचित जाति की किशोरी का अपहरण कर दुष्कर्म करने वाले आरोपित सुनील शर्मा को कोर्ट ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही दोषी पर दो लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। इस मामले की सुनवाई पाक्सो कोर्ट-एक की विशेष न्यायाधीश रेशमा चौधरी की अदालत में चली।
मझोला थाना क्षेत्र निवासी 16 वर्षीय किशोरी के पिता ने 14 मई 2019 को थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उन्होंने अमरोहा के डिडौली निवासी सुनील शर्मा पर बेटी को अगवा कर ले जाने का आरोप लगाया था।
मामले में पुलिस ने किशोरी की तलाश कर उसे बरामद किया था। इसके बाद उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया और न्यायालय में बयान दर्ज कराए गए।
कोर्ट ने दोषी पर लगाया दो लाख रुपये का जुर्माना
पुलिस ने किशोरी के बयानों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर विवेचना के दौरान मुकदमे में पाक्सो एक्ट, दुष्कर्म और एससी-एसटी एक्ट की धाराएं बढ़ा दी थीं। इसके बाद पुलिस ने आरोपित सुनील शर्मा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था, जहां से उसे जेल भेज दिया गया था।
मामले की सुनवाई पाक्सो कोर्ट-एक की विशेष न्यायाधीश रेशमा चौधरी की अदालत में हुई। अभियोजन पक्ष की ओर से प्रस्तुत साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद सुनील शर्मा को दोषी करार दिया। शुक्रवार को अदालत ने उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाने के साथ ही दो लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया।