LA Olympics 2028: ओलिंपिक में एंट्री के लिए बदल गए नियम, अब सिर्फ रिकॉर्ड बनाने से नहीं चलेगा काम; समझें नया फॉर्मूला
लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 के लिए एथलेटिक्स खिलाड़ियों के चयन नियम बदल गए हैं, अब 40% प्रवेश मानक और 60% ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
मुरादाबाद के 400 एथलीटों के सामने बढ़ेगी चुनौती
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। ओलिंपिक में देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए अब खिलाड़ियों को सिर्फ निर्धारित प्रवेश मानक पूरा करने से काम नहीं चलेगा। लास एंजिलिस ओलिंपिक 2028 में एथलेटिक्स खिलाड़ियों के चयन का फार्मूला बदल दिया गया है। नए नियम के तहत 40 प्रतिशत खिलाड़ियों का चयन प्रवेश मानक और 60 प्रतिशत का विश्व रैंकिंग के आधार पर होगा।
यानी अब खिलाड़ियों के बीच मैदान पर प्रदर्शन के साथ विश्व रैंकिंग में जगह बनाने की भी प्रतिस्पर्धा होगी। मुरादाबाद के करीब 400 एथलीटों के लिए भी यह बदलाव महत्वपूर्ण है। जिले से हर साल लगभग 65 खिलाड़ी राष्ट्रीय और 200 खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करते हैं।
ऐसे में ओलिंपिक तक पहुंचने के लिए खिलाड़ियों को केवल जिला और प्रदेश स्तर पर अच्छे प्रदर्शन तक सीमित नहीं रहना होगा। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी और विश्व रैंकिंग में अंक जुटाने की दिशा में भी आगे बढ़ना होगा।
एक बार मानक पूरा करने से नहीं मिलेगी जगह
नई चयन प्रक्रिया में सबसे महत्वपूर्ण बदलाव यह है कि निर्धारित प्रवेश मानक हासिल करना ओलिंपिक में जगह की गारंटी नहीं होगा। यदि किसी स्पर्धा में निर्धारित कोटे से अधिक खिलाड़ी प्रवेश मानक पूरा कर लेते हैं तो उनमें से क्वालिफिकेशन अवधि के दौरान सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ही जगह मिलेगी।
स्पर्धाओं के अनुसार अलग समयसीमा
मैराथन के लिए एक नवंबर 2026 से 30 अप्रैल 2028 तक का प्रदर्शन मान्य होगा। 19 मार्च 2028 की रोड टू एलए रैंकिंग के आधार पर हर देश के अधिकतम तीन खिलाड़ियों समेत शीर्ष 56 धावक क्वालिफाई माने जाएंगे। शेष 15 स्थान दोहरे चयन मानक से भरे जाएंगे।
10 हजार मीटर, संयुक्त स्पर्धाओं, रेस वाक और रिले के लिए 19 दिसंबर 2026 से 18 जून 2028 तक का प्रदर्शन आधार बनेगा। अन्य ट्रैक एवं फील्ड स्पर्धाओं में 19 जून 2027 से 18 जून 2028 तक के प्रदर्शन को देखा जाएगा।
पहली बार मिश्रित रिले की दो स्पर्धाएं
लास एंजिलिस ओलिंपिक में एथलेटिक्स के 48 पदक मुकाबले होंगे। इनमें महिलाओं और पुरुषों की 23-23 स्पर्धाएं तथा दो मिश्रित स्पर्धाएं शामिल हैं। पहली बार चार गुणा 100 मीटर मिश्रित रिले भी होगी। चार गुणा 400 मीटर मिश्रित रिले भी आयोजित की जाएगी।
नई चयन प्रक्रिया खिलाड़ियों के लिए चुनौती और अवसर दोनों है। अब केवल एक बार प्रवेश मानक हासिल करना पर्याप्त नहीं होगा। खिलाड़ियों को पूरे सीजन लगातार बेहतर प्रदर्शन करना होगा। विश्व रैंकिंग में जगह बनाने के लिए अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी भी जरूरी होगी।
- सत्यप्रकाश शर्मा, जिला एथलेटिक्स सचिव।
यह भी पढ़ें- मुरादाबाद: 15 साल से वेतन को तरस रहे 60 सफाई कर्मी, अब खुली 4.81 लाख रुपये के 'गायब' होने की पोल
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।