Move to Jagran APP

International Women's Day 2021: साइबर अपराध की कमर तोड़ेगी मुरादाबाद की महिला साइबर सेल, चार मह‍िला पुलिस कर्मियों की बनी टीम

Moradabad Cyber Case Women Police Personnel Team मुरादाबाद के साइबर थाने में स्थापित होगी महिला साइबर सेल। एक उपनिरीक्षक समेत तीन महिला पुलिस कर्मी चयनित। आठ मार्च महिला दिवस से महिला पुलिस कर्मियों की साइबर सेल विधिवत काम शुरू कर देगी।

By Narendra KumarEdited By: Published: Sun, 07 Mar 2021 04:56 PM (IST)Updated: Mon, 08 Mar 2021 08:44 AM (IST)
महिलाओं से संबंधित अपराध पर नकेल कसना शासन की प्राथमिकता है।

मुरादाबाद, जेएनएन। सिरदर्द बने साइबर अपराध की कमर तोड़ने की जिम्मेदारी अब महिलाओं के भी कंधे पर होगी। साइबर अपराध से पीड़ित महिलाएं बेझिझक होकर अपनी वेदना पुलिस को बता सकें, इसलिए मुरादाबाद के साइबर थाने में महिला सेल का गठन हो रहा है। एक उपनिरीक्षक समेत तीन महिलाओं की टीम बनाई जा रही है। आठ मार्च महिला दिवस से महिला पुलिस कर्मियों की साइबर सेल विधिवत काम शुरू कर देगी

महिलाओं से संबंधित अपराध पर नकेल कसना शासन की प्राथमिकता है। थानों में महिला हेल्प डेस्क के बाद जिले में दो महिला रिपोर्टिंग पुलिस चौकी की स्थापना हो रही है। कटघर व ठाकुरद्वारा थाने में स्थापित हो रही दोनों रिपोर्टिंग चौकियों पर महिलाओं के मुकदमे लिखे जाएंगे। इसके अलावा जिले के सभी थानों में महिला सुरक्षा समिति का गठन हो रहा है। सुरक्षा समिति में शामिल होने वाली जिले की 200 महिलाएं पीड़िता और पुलिस के बीच सामंजस्य कायम करेंगी। पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाना और प्रकरण में पुलिस की भूमिका बताना समिति के सदस्यों का दायित्व होगा।

परिक्षेत्र स्तर पर स्थापित साइबर थाने में महिला सेल के गठन का आदेश दिया है। बरेली जोन के एडीजी को संबोधित पत्र में पुलिस महानिदेशक ने कहा है कि महिलाओं को इंटरनेट मीडिया पर प्रायः अप्रिय स्थिति का सामना करना पड़ता है। पुलिस को अक्सर साइबर स्टाकिंग और साइबर बुलिंग की शिकायतें मिलती हैं। महिलाओं के फोटोग्राफ का नाजायज इस्तेमाल किया जाता है। इसी के तहत मुरादाबाद के साइबर थाने में महिला साइबर सेल स्थापित करने की योजना है।

एसएसपी ने किया निरीक्षण वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी जिगर कॉलोनी स्थित साइबर थाना पहुंचे। उन्होंने थाने का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी से बातचीत करते हुए महिला साइबर सेल की स्थापना को लेकर दिशानिर्देश दिया। साइबर सेल के बैठने की व्यवस्था करने के आदेश दिए। उन्होंने साइबर महिला सेल के कामकाज को लेकर भी मातहतों को जानकारी दी। साइबर अपराध का दायरा लगातार बढ़ रहा है। स्मार्ट फोन का इस्तेमाल करने वाली महिलाएं भी इसकी चपेट में हैं।

अपराध की शिकार महिलाएं अपनी शिकायतें खुल कर पुलिस को बता सकें, इसलिए ही महिला साइबर सेल का गठन हो रहा है। आठ मार्च को मुख्यमंत्री महिला साइबर सेल, महिला रिपोर्टिंग पुलिस चौकी व महिला सुरक्षा समितियों का एक साथ उद्घाटन करेंगे। -प्रभाकर चौधरी, एसएसपी 


This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.