शराब नहीं छोड़ी तो दो सगे भाइयों ने कर दी छोटे भाई की हत्या, रेलवे लाइन पर शव फेंक चाकू से काटी गर्दन, तीन गिरफ्तार
कटघर थाना क्षेत्र में रेलवे पटरी किनारे मिले अज्ञात शव की लगभग एक सप्ताह बाद पुलिस ने पहचान करने के साथ ही तीन हत्यारोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक के दो सगे बड़े भाई और बहनोई ने मिलकर हत्या की थी।
मुरादाबाद, जागरण संवाददाता। कटघर थाना क्षेत्र में रेलवे पटरी किनारे मिले अज्ञात शव की लगभग एक सप्ताह बाद पुलिस ने पहचान करने के साथ ही तीन हत्यारोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक के दो सगे बड़े भाई और बहनोई ने मिलकर हत्या की थी। पुलिस ने मृतक की पहचान धर्मेंद्र श्रीवास्तव निवासी पप गांव बिसौली थाना जनपद बदायूं के रूप में की है।
एसपी सिटी अमित कुमार आनंद ने पुलिस लाइन में पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि मृतक धर्मेद्र शराब पीने का आदी था। इसके कारण उसके घर के लोग परेशान रहते थे। मौजूदा समय में यह लोग कटघर थाना क्षेत्र के जयंतीपुर में रहते थे। 18 जुलाई की रात को धर्मेद्र शराब पीकर घर आया था। परिवार के साथ उसका विवाद हुआ था। इसके बाद बड़े भाई मनोज और प्रेमपाल ने सोते समय गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी थी। इसके बाद अपने बहनोई राजेंद्र श्रीवास्तव को घर बुलाया था। शव बोरे में डालकर फिर बाइक पर रखकर रेलवे पटरी के किनारे फेंक आए थे। इस दौरान तीनों ने मृतक की गर्दन भी चाकू से काट दी थी। पुलिस ने इस मामले में तीनाें हत्यारोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
सच से पर्दा हटते ही सभी हैरान : इस हत्याकांड से पर्दा उठने पर गांव के लोग भी हैरान हैं। दरअसल धर्मेंंद्र की नशे की आदत की वजह से लोग उसे अच्छी तरह जानते थे। आए दिन घर में विवाद के कारण अक्सर इसे लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म रहता था। पिछले कई दिनों से धर्मेंद्र के बारे में पता न लगने पर स्वजन के साथ गांव के लोग भी हैरान थे। उन्हें इस बात का अंदेशा नहीं था कि अपनों ने ही मिलकर उसकी हत्या कर दी है। सच सामने आने पर सभी हैरत में पड़ गए। अचानक से उसके लापता होने पर लोग सोचने लगे थे कि नशे की आदत की वजह से उसके साथ कोई हादसा हो गया होगा, या वह कहीं चला गया होगा।