मुरादाबाद के इस विश्वविद्यालय ने रचा इतिहास! 90 हजार छात्रों को जोड़कर बना देश का नंबर-1 संस्थान, अब IIT खड़गपुर करेगा सम्मानित
गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय 90 हजार छात्रों को डिजिटल लाइब्रेरी से जोड़कर 2026 के लिए देश का सर्वश्रेष्ठ एनडीएलआई क्लब बना है। इस उपलब्धि के लिए विश्वविद्यालय को आईआईटी खड़गपुर में आयोजित सम्मेलन में उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय
HighLights
आइआइटी खड़गपुर में 21-22 दिसंबर को आयोजित सम्मेलन में मिलेगा विवि को सम्मान
गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय ने एनडीएलआइ क्लब से जोड़े मंडल भर के 90 हजार छात्र
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय ने डिजिटल शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय को वर्ष 2026 के लिए देश का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला नेशनल डिजिटल लाइब्रेरी आफ इंडिया (एनडीएलआइ) क्लब चुना गया है। विश्वविद्यालय ने 90 हजार विद्यार्थियों का डिजिटल लाइब्रेरी पर पंजीयन कराया है।
इस उपलब्धि के लिए आइआइटी खड़गपुर में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय सम्मेलन में विश्वविद्यालय को एनडीएलआइ क्लब उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
21 और 22 दिसंबर को होने वाले इंटेलिजेंट एंड स्मार्ट डिजिटल लाइब्रेरी सम्मेलन में विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि को आमंत्रित किया गया है। देशभर के संस्थानों में पंजीयन के मामले में विश्वविद्यालय का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा है।
दूसरे स्थान पर बंगाल का ब्रेनवेयर संस्थान है, जहां 20,136 विद्यार्थियों का पंजीयन हुआ। तीसरे स्थान पर तमिलनाडु का अमृता विद्यापीठम है, जिसने 17,303 विद्यार्थियों को डिजिटल लाइब्रेरी से जोड़ा है। इस तरह गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय में दूसरे स्थान के संस्थान की तुलना में चार गुणा से अधिक विद्यार्थियों का पंजीयन हुआ है।
डिजिटल लाइब्रेरी से पढ़ाई और शोध को मिलेगी नई दिशा
डिजिटल लाइब्रेरी से जुड़ने के बाद विद्यार्थियों को किताबें और अध्ययन सामग्री जुटाने के लिए केवल कालेज की लाइब्रेरी पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। वे मोबाइल, लैपटाप या कंप्यूटर के माध्यम से कहीं से भी एनडीएलआइ पोर्टल का इस्तेमाल कर सकेंगे।
इसमें विभिन्न विषयों की ई-बुक, शोध पत्र, शोध प्रबंध, आडियो-वीडियो लेक्चर, नोट्स और अन्य शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध है। स्नातक और परास्नातक के विद्यार्थी अपने पाठ्यक्रम से संबंधित अतिरिक्त जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। विद्यार्थी एनडीएलआई की वेबसाइट ndl.iitkgp.ac.in पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
डिजिटल लाइब्रेरी से विद्यार्थियों को देश-विदेश की शैक्षणिक सामग्री, शोध पत्र और पुस्तकों तक पहुंच मिलेगी। हमारा उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल पंजीयन तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें इस सुविधा का नियमित उपयोग करने के लिए प्रेरित करना है, जिससे उनकी पढ़ाई और शोध की गुणवत्ता बेहतर हो सके।
- प्रो. सचिन माहेश्वरी, कुलपति, गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय
यह भी पढ़ें- मुरादाबाद की सियासत में बड़ा उलटफेर! हर चौथा वोटर 'युवा', 2027 के चुनाव में इन सीटों पर बिगाड़ेंगे दिग्गजों का खेल
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।