300 करोड़ की लागत, बाहर से चमकती इमारत... पर अंदर बिजली तक नहीं! कब शुरू होगी गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी में पढ़ाई?
मुरादाबाद के गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय की 300 करोड़ की इमारत बाहर से चमकदार दिखती है, लेकिन अंदर बिजली कनेक्शन और मूलभूत सुविधाओं का अभाव है।

गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय की निर्माणाधीन बिल्डिंग। जागरण
HighLights
दिसंबर तक विश्वविद्यालय भवन हैंडओवर का दावा, कक्षाओं से लेकर प्रयोगशाला और लाइब्रेरी भी अधूरी
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। बाहर से चमकती इमारतें और तैयार दिखता परिसर देखकर लगता है कि गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय (जीजेयू) में अब पढ़ाई शुरू होने ही वाली है, लेकिन अंदर कदम रखते ही तस्वीर बदल जाती है। कक्षाओं में न बिजली का कनेक्शन है, न पूरा फर्नीचर और न ही सभी जरूरी शैक्षणिक सुविधाएं।
कहीं बोर्ड नहीं लगे हैं तो कहीं निर्माण सामग्री और अधूरे काम पढ़ाई की तैयारी पर सवाल खड़े कर रहे हैं। प्रयोगशालाओं और लाइब्रेरी की स्थिति भी ऐसी नहीं है कि विद्यार्थियों को नियमित शैक्षणिक गतिविधियों से जोड़ा जा सके।
सवाल उठ रहा जब बिजली तक नहीं पहुंची तो दिसंबर में विश्वविद्यालय का परिसर हैंडओवर लेकर पढ़ाई कैसे शुरू होगी? बिजली की लाइन बिछाने में सबसे बड़ी अड़चन एनएचएआइ और रेलवे से अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) नहीं मिलना है।

प्रस्तावित बिजली लाइन को रिंग रोड और रेलवे लाइन के ऊपर से गुजरना है। एनओसी मिलने के बाद ही लाइन बिछाने का काम आगे बढ़ सकेगा। विश्वविद्यालय प्रशासन के सामने जेनरेटर से बिजली की व्यवस्था का विकल्प है।
मगर, सीमित बजट में पूरे परिसर को जेनरेटर से चलाना व्यावहारिक नहीं है। इसका खर्च सामान्य बिजली आपूर्ति से कई गुणा अधिक आएगा। यानी भवन हैंडओवर होने के बाद भी बिजली का संकट पढ़ाई शुरू कराने में बाधा बन सकता है। प्रयोगशालाओं और लाइब्रेरी में जरूरी आंतरिक सुविधाएं विकसित नहीं हो पाई हैं। छात्रावास भी पूरी तरह तैयार नहीं हैं।
अदरूनी काम अधूरे, जांच का भी पता नहीं
निर्माण की मूल समय सीमा 23 फरवरी 2026 तय थी। इसके बाद कई बार समय बढ़ाया गया। अगस्त में भवन हैंडओवर करने की तैयारी थी, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन के निरीक्षण में अंदरूनी काम बाकी हैं।
जिलाधिकारी स्तर से करीब दो महीने पहले सीडीओ की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय कमेटी बनाकर निर्माण की जांच कराने के निर्देश दिए गए थे। हालांकि विश्वविद्यालय प्रशासन को यह जानकारी नहीं है कि जांच पूरी हुई या नहीं।
प्रदेश के तीन नए विवि में दो हैंडओवर, यहां अब भी इंतजार
प्रदेश में तीन नए राज्य विश्वविद्यालयों का निर्माण एक साथ शुरू कराया गया था। इनमें मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय, बलरामपुर और मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय, मीरजापुर भी शामिल हैं।
दोनों विश्वविद्यालयों के परिसर में पढ़ाई शुरू हो चुकी है। जीजेयू दो शैक्षणिक सत्रों में गुरु जंभेश्वर विवि से करीब 165 विद्यार्थी पंजीकृत हुए हैं। विश्वविद्यालय में कुल 33 पाठ्यक्रम संचालित करने की योजना है।
मगर, अभी केवल सात एमएससी पर्यावरण विज्ञान, रसायन विज्ञान, वनस्पति विज्ञान, भौतिक विज्ञान, कंप्यूटर साइंस, एमए भूगोल और एमकाम शामिल हैं।
पीएचडी की पढ़ाई हिंदू कालेज, वर्धमान कालेज समेत दूसरे महाविद्यालयों में कराई जा रही है। परास्नातक की कक्षाएं स्मार्ट सिटी के तहत बने एमएचएससी भवन और राजकीय पालीटेक्निक में चल रही हैं।
भवनों का हैंडओवर तभी लिया जाएगा, जब सभी व्यवस्थाएं ठीक हो जाएंगी। कक्षाओं के अंदर अभी काम पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। बिजली का कनेक्शन भी नहीं है। अधूरे इंतजामों के बीच भवन हैंडओवर लेना उचित नहीं होगा।
- गिरीश द्विवेदी, कुलसचिव, गुरु जंभेश्वर विवि
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।