विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हाथ को जकड़ता रहा विशालकाय अजगर, फिर भी नहीं हारी हिम्मत; मुरादाबाद की शाजिया का वीडियो VIRAL

Published: Fri, 13 Nov 2026 11:48 AM (IST)

वन्यजीव रेस्क्यू एक्सपर्ट शाजिया परवीन ने मुरादाबाद में एक अजगर को बहादुरी से बचाया, जिसने उनके हाथ को कसकर जकड़ लिया था।

HighLights

  1. वन्यजीव एक्सपर्ट शाजिया परवीन ने अजगर को बहादुरी से बचाया।

  2. रेस्क्यू के दौरान अजगर ने उनके हाथ को कसकर जकड़ लिया।

  3. मुरादाबाद के पेपटपुरा में हुई यह घटना अब वायरल।

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। हाथ में अजगर की मजबूत पकड़ और सामने फन की जगह कुंडली मारता उसका शरीर... आम आदमी होता तो शायद घबरा जाता, लेकिन वन्यजीव रेस्क्यू एक्सपर्ट शाजिया परवीन ने हिम्मत नहीं हारी।

अजगर उनके हाथ को कसकर जकड़ता रहा और शाजिया उसे सुरक्षित पकड़ने में जुटी रहीं। करीब एक महीने पहले हुए इस रेस्क्यू का वीडियो बुधवार से इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। वीडियो देखकर लोग शाजिया के साहस की सराहना कर रहे हैं।

यह मामला कृषि उत्पादन मंडी समिति मझोला से लाकड़ी फाजलपुर बाइपास की तरफ जाने वाले मार्ग पर पेपटपुरा का है। यहां खाली प्लाटों में झाड़ियों के बीच अजगर दिखाई देने पर रेस्क्यू के लिए सूचना दी गई थी। सूचना मिलते ही वन्यजीव रेस्क्यू एक्सपर्ट शाजिया परवीन मौके पर पहुंचीं।

अजगर द्वारा जकड़ने पर भी शाजिया ने धैर्य बनाए रखा

उन्होंने अजगर को पकड़ने का प्रयास शुरू किया तो उसने उनके हाथ को कसकर जकड़ लिया। इसके बावजूद शाजिया ने धैर्य बनाए रखा और सावधानी से अजगर को काबू कर लिया।

रेस्क्यू के बाद अजगर को डियर पार्क में छोड़ दिया गया। खास बात यह है कि अजगर किसी घनी आबादी में नहीं मिला था, बल्कि पेपटपुरा के खाली प्लाटों की झाड़ियों में देखा गया था। करीब एक महीने पुरानी इस घटना का वीडियो अब इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने से चर्चा में है।

वीडियो में अजगर की पकड़ के बीच शाजिया का उसे सुरक्षित रेस्क्यू करने का हौसला साफ नजर आ रहा है। शाजिया के पिता अनीस अहमद ने बताया कि एक महीने पहले अजगर की सूचना मिलने पर वह बेटी को रेस्क्यू के लिए ले गए थे। उधर, वन क्षेत्राधिकारी राजेश शर्मा का कहना है कि मामला एक महीने पुराना है। अजगर को डियर पार्क में छोड़ दिया है।

यह भी पढ़ें- ताजमहल में टॉयलेट के अंदर बैठा था अजगर, वाइल्ड लाइफ SOS ने किया रेस्क्यू

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।