धनतेरस-दिवाली पर चमका वाहन बाजार, गाड़ियों पर 1 लाख रुपये तक का डिस्काउंट; बुकिंग की मची होड़
धनतेरस और दीपावली के त्योहारों ने मुरादाबाद के वाहन बाजार में रौनक ला दी है। कंपनियां नए मॉडल, आधुनिक तकनीक और आकर्षक ऑफर दे रही हैं।

धनतेरस-दिवाली पर चमका कार बाजार।
HighLights
धनतेरस-दीपावली से मुरादाबाद वाहन बाजार में रौनक।
कंपनियां दे रहीं नए मॉडल, तकनीक और आकर्षक ऑफर।
ग्राहक सुरक्षा, माइलेज, स्मार्ट कनेक्टिविटी फीचर्स पर केंद्रित।
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। धनतेरस और दीपावली की जगमगाहट वाहन बाजार में भी दिखाई दे रही है। कहीं नई कार की बुकिंग हो रही है तो कहीं परिवार के साथ पहुंचे लोग अपनी पसंदीदा गाड़ी के फीचर और कीमत की जानकारी ले रहे हैं।
त्योहार पर घर में नई गाड़ी लाने की चाहत रखने वालों के लिए कंपनियों ने भी अपनी पूरी तैयारी की है। महिंद्रा, मारुति सुजुकी, हुंडई, टाटा मोटर्स, किआ, फाक्सवैगन और निसान जैसी कंपनियां नए माडल, आधुनिक तकनीक और आकर्षक आफर के साथ ग्राहकों को लुभा रही हैं।
इस बार सिर्फ गाड़ी का रंग और कीमत ही चर्चा में नहीं, बल्कि उसके फीचर भी खरीदारी का बड़ा आधार बन रहे हैं। ग्राहक गाड़ी में एयरबैग, 360 डिग्री कैमरा, सनरूफ, बड़ी टचस्क्रीन, बेहतर माइलेज और स्मार्ट कनेक्टिविटी की जानकारी कर रहे हैं।
युवाओं को स्पोर्टी लुक और आधुनिक तकनीक वाली एसयूवी पसंद आ रही हैं, जबकि परिवार के साथ सफर करने वाले लोग सात सीटों और आरामदायक केबिन को प्राथमिकता दे रहे हैं।
महिंद्रा शोरूम संचालक नमन जैन के अनुसार, कंपनी के चुनिंदा माडलों पर नकद छूट, एक्सचेंज और दूसरे लाभ मिलाकर करीब एक लाख रुपये तक के आफर दिए जा रहे हैं। मारुति शोरूम संचालक अमित गोयल के अनुसार, धनतेरस पर डिलीवरी के लिए लगातार बुकिंग हो रही है।
वाहन बाजार में ग्राहकों की जरूरत के हिसाब से विकल्प भी बदले हैं। शोरूम में पहुंच रहे लोग एक ही गाड़ी की कीमत पूछने के बजाय दूसरी कंपनियों के माडल से भी तुलना कर रहे हैं। महिंद्रा शोरूम पर रचित शर्मा ने बताया कि वाहन खरीदने से पहले सभी कुछ देखना रहता है।
माइलेज को प्राथमिकता के साथ सुरक्षा और आधुनिक सुविधाओं पर भी ध्यान दे रहे हैं। वहीं, त्योहार पर गाड़ी खरीदने के लिए नकद छूट के साथ एक्सचेंज बोनस और पुराने स्टाक पर मिलने वाले लाभ की भी जानकारी ली जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।