जनगणना-2027: घर बैठे ऐसे करें खुद की गणना, इन जरूरी बातों का रखें खास ख्याल वरना बेकार हो जाएगी मेहनत
जनगणना-2027 के दूसरे चरण में 16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना की प्रक्रिया जारी है। एडीएम ममता मालवीय ने पाठकों ...और पढ़ें

पाठकों के सवालों का जवाब देतीं एडीएम वित्त एवं राजस्व एवं जिला जनगणना अधिकारी ममता मालवीय जागरण
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। जनगणना-2027 के क्रम में दूसरे चरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। 16 नवंबर से 30 नवंबर तक स्व-गणना करने का अवसर है। इसके बाद एक दिसंबर से प्रगणक घर-घर पहुंचेंगे। स्व-गणना के दौरान वेबसाइट की धीमी रफ्तार, आ रहीं अन्य दिक्कतों को लेकर बुधवार को दैनिक जागरण के प्रश्न पहर कार्यक्रम में पाठकों ने एडीएम वित्त एवं राजस्व एवं जिला जनगणना अधिकारी ममता मालवीय से सवाल किया।
उन्होंने पाठकों के हर सवालों का जवाब देते हुए समाधान भी कराया। बताया कि एक बार में फार्म ना भरे तो सेव एस ड्राफ्ट आप्शन का करें प्रयोग करें। जिससे दोबारा उसी जगह से प्रक्रिया शुरू की जा सके। फार्म भरने के दौरान किसी भी प्रमाण-पत्रों की आवश्यकता नहीं है।
फार्म भरने के समय लोकेशन भरना अनिवार्य है। एसई आइडी सुरक्षित रखना जरूरी है। अन्यथा की दशा में पूरी मेहनत बेकार हो जाएगी। दोबारा से प्रक्रिया करनी पड़ेगी। सभी से स्व-गणना में बढ-चढ़कर हिस्सा लेने की भी अपील की। पेश है सवाल जवाब के अंश :
सवाल : क्या एक फोन नंबर से पूरे परिवार की स्व-गणना की जा सकती है? - आकाश, सूर्यनगर
जवाब : बिल्कुल, एक फोन नंबर से पूरे परिवार की स्व-गणना की जा सकती है। परिवार के सदस्य के दूसरे स्थान पर रहने की दशा में अलग आइडी बनने पर दूसरे नंबर का प्रयोग होगा।
सवाल : क्या सभी 40 सवालों के जवाब देना जरूरी है। यदि सभी के जवाब ना पता हो तो क्या करें? - फाजिल अंसारी, पाकबड़ा
जवाब : स्व-गणना के समय किसी भी प्रकार का कोई प्रमाण-पत्र नहीं देना होता है। संबंधित सवालों के सीधे जवाब देने होते हैं। जवाब ना आने की दशा में आगे बढ़े। एक दिसबंर से प्रगणक घर-घर पहुंचेंगे। ऐसे में कुछ छूटने पर वह उसे पूर्ण करा देंगे।
सवाल : क्या स्व-गणना करना जरूरी है? - मो. अनस, महमूदपुर माफी
जवाब : स्व-गणना करने से आपका काम आसान होगा। जब प्रगणक घर आएंगे तो उनसे केवल सेल्फ एन्यूमरेशन आइडी साझा करनी होगी और प्रक्रिया आसानी से पूर्ण हो जाएगी।
सवाल : स्व-गणना के दौरान यदि कोई गलत जानकारी भर जाए तो सुधार कैसे करें? - इमरान खान, भोजपुर
जवाब : यदि आपने फार्म फाइनल सबमिट नहीं किया है तो सुधार कर सकते हैं। फाइनल सबमिट के बाद उसमें कुछ नहीं कर सकते। फिर जब एक दिसंबर से प्रगणक घर पहुंचेगे तो उनसे सुधार कराया जा सकता है।
सवाल : वेवसाइट धीमी चलने के चलते बहुत समय लगता है? अचानक दूसरा आ जाए। ऐसे में दोबारा से पूरी प्रक्रिया ना करनी पड़े तो क्या करें? - अमन शर्मा, सिविल लाइंस
जवाब : इसके लिए जहां तक आप जानकारी भर चुके हैं, उसके आगे जाकर सेव एज ड्राफ्ट का आप्शन मिलता है। उस पर क्लिक कर दें। इससे बाद में प्रक्रिया वहीं से शुरू करनी होगी। प्रक्रिया पूरी कर फाइनल सबमिट कर दें।
जागरण के पांच सवाल
सवाल : क्या सभी 40 सवालों के जवाब देना अनिवार्य है। किन दस्तावेजों या जानकारी को पहले से तैयार रखें?
जवाब : स्व-गणना के दौरान किसी भी प्रकार का कोई प्रपत्र नहीं देना होता। कोशिश करें, सभी का जवाब दें। सभी का जवाब ना आने की दशा में आगे बढ़े। प्रगणक के घर पहुंचने पर उसे पूर्ण कराएं।
सवाल : एसई आइडी सुरक्षित रखना जरूरी क्यों है? भरा गया ब्योरा कितना सुरक्षित है?
जवाब : एसई आइडी सुरक्षित ना रखने की दशा में पूरी मेहनत बेकार हो जाएगी। दोबारा से जानकारी भरनी होगी। भरा गया ब्योरा पूरी तरह से सुरक्षित है। आरटीआइ में भी परिवार की जानकारी नहीं मांगी जा सकती।
सवाल : जिन्हें आनलाइन प्रक्रिया नहीं आती, वह क्या करें?
जवाब : ऐसे में परेशान होने की जरूरत नहीं है। एक दिसंबर से प्रगणक घर-घर पहुंचेंगे। तब उनसे जानकारी साझा कर प्रक्रिया पूर्ण कराएं।
सवाल : खाली मकान, बंद मकान या बाहर रहने वालों की जनगणना कैसे होगी?
जवाब : पहले चरण में हाउस लिस्टिंग हो चुकी है। ऐसे में पूरा ब्योरा मौजूद है। खाली मकान, बंद मकान या बाहर रहने की दशा में प्रगणक संपर्क करेंगे। संबंधित जगह से प्रक्रिया पूर्ण होगी।
सवाल : रेलवे स्टेशन व अन्य जगहों पर वर्षों से रह रहे लोगों का सर्वेक्षण कैसे होगा?
उत्तर : 4 जनवरी की शाम छह बजे से बेघर यानी रेलवे स्टेशन व अन्य जगहों पर रह रहे लोगों की गणना होगी। इसके लिए प्रगणक पहले से संबंधित स्थानों का पूरा सर्वे कर ब्यौरा रखेंगे।
किसी भी दिक्कत परेशानी पर टोल फ्री व वाट्सएप नंबर पर करें फोन
जनगणना हेल्पलाइन : 1855
वाट्सएप नंबर : 18001801855

जरूरी बात : स्व-गणना कराने के बाद भी प्रगणक घर आएंगे। आनलाइन जानकारी भरना जनगणना से छूट पाने का विकल्प नहीं है, बल्कि इससे प्रगणक को विवरण के सत्यापन में आसानी होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।