विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

टिकट की रेस में अनोखा दांव: पहले बांटी 4 बाइक, अब विधायक बनने पर 'स्कॉर्पियो' देने का बड़ा वादा

Published: Thu, 12 Nov 2026 01:36 PM (IST)

मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा विधानसभा में भाजपा टिकट की दौड़ में पूर्व जिलाध्यक्ष राजपाल चौहान व बेटे अमित ने मंडल अध्यक्षों ...और पढ़ें

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. ठाकुरद्वारा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के टिकट को लेकर गरमा रही है सियासत

  2. पूर्व जिलाध्यक्ष राजपाल चौहान के आवास पर चार मंडल अध्यक्षों को दी बाइकें

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। प्रदेश में विधानसभा चुनाव अभी दूर है, लेकिन ठाकुरद्वारा विधानसभा क्षेत्र में टिकट की सियासी दौड़ ने रफ्तार पकड़ ली है। भाजपा में इस सीट के कई दावेदार हैं और हर कोई अपनी ताकत दिखाने में जुटा है। इसी बीच पूर्व जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह चौहान के आवास पर आयोजित दीपावली मिलन समारोह में सियासत का एक अलग ही नजारा देखने को मिला।

विधानसभा क्षेत्र के चारों मंडल अध्यक्षों को एक-एक बाइक उपहार में दी। बात यहीं खत्म नहीं हुई। राजपाल चौहान के बेटे और लक्ष्य ग्रुप के निदेशक अमित चौहान ने एलान कर दिया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में उनके पिता विधायक बने तो चारों मंडल अध्यक्षों को एक-एक स्कार्पियो भी दी जाएगी।

आठ नवंबर को दीपावली मिलन एवं कार्यकर्ता सम्मेलन में पूर्व जिलाध्यक्ष व उनके बेटे अमित चौहान ने ठाकुरद्वारा विधानसभा क्षेत्र के मंडल अध्यक्ष दीपक वाल्मीकि, हरिओम सिंह चौहान, हरपाल सिंह सैनी और पवन कुमार शर्मा को उपहार के तौर पर बाइक की चाबी सौंपी।

पूर्व मंडल अध्यक्षों को भी अन्य उपहार दिए गए। इसे ठाकुरद्वारा में भाजपा की टिकट की सियासत से जोड़कर देखा जा रहा है। पूर्व जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह चौहान दो बार भाजपा के टिकट पर ठाकुरद्वारा से विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं।

दोनों बार उन्हें हार मिली, लेकिन उन्होंने दावेदारी नहीं छोड़ी है। वर्तमान में उनके बेटे अमित चौहान भी क्षेत्र में सक्रिय हैं। वह टिकट पाकर चुनावी मैदान में उतरने के लिए संगठन से लेकर सरकार तक में बैठे नेताओं को साध रहे हैं।

इसके अलावा भाजपा के टिकट पर 2022 में ठाकुरद्वारा से चुनाव लड़ चुके अजय प्रताप सिंह भी फिर से अपनी दावेदारी कर रहे हैं। पूर्व जिलाध्यक्ष से उनकी सियासी जंग किसी से छिपी नहीं है।

पिछले दिनों विवाद होने पर अदावत सामने भी आ गई थी। स्वर्गीय पूर्व सांसद सर्वेश कुमार सिंह की पत्नी साधना सिंह भी टिकट की दौड़ में हैं। इनके अलावा कई अन्य नेता भी पार्टी नेतृत्व के सामने अपनी मजबूत दावेदारी पेश करने में जुटे हैं।

विपक्षी बाइकें बांटने को टिकट की पैरवी कराने के लिए मंडल अध्यक्षों को साधने से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि टिकट किसको मिलना है, यह अभी तय नहीं है।

पूर्व जिलाध्यक्ष का कहना है कि मंडल अध्यक्ष पार्टी की मजबूत कड़ी हैं। वे दिन-रात संगठन के लिए मेहनत करते हैं, लेकिन उनके पास आवागमन के पर्याप्त साधन नहीं होते। उनकी कार्यक्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से बाइकें दी गई हैं।

जिनसे पूछी जाएगी राय, उन्हीं को मिली बाइक

बाइक वितरण का यह मामला इसलिए भी राजनीतिक चर्चा में है, क्योंकि मंडल अध्यक्ष केवल संगठन के पदाधिकारी नहीं, बल्कि चुनावी समीकरणों की अहम कड़ी हैं।

एक मंडल अध्यक्ष के जिम्मे करीब 100 बूथों की जिम्मेदारी रहती है। प्रत्याशी चयन के समय पार्टी इनसे संभावित उम्मीदवारों की लोकप्रियता और जीत की संभावना पर राय भी लेती है।

ऐसे में टिकट के दावेदार की ओर से मंडल अध्यक्षों को महंगी बाइकें देने के बाद निष्पक्षता को लेकर सवाल उठना लाजिमी है। भाजपा जिलाध्यक्ष आकाश पाल का कहना है कि दीपावली पर उपहार देना पूर्व जिलाध्यक्ष का व्यक्तिगत मामला है।

पार्टी का इससे कोई संबंध नहीं है। उन्होंने चारों मंडल अध्यक्षों को फोन कर स्पष्ट कह दिया है कि उपहारों का प्रभाव उनके काम और राय पर नहीं पड़ना चाहिए। निष्पक्ष होकर काम करना है।

यह भी पढ़ें- यूपी में चमका मुरादाबाद: CM डैशबोर्ड की अक्टूबर रैंकिंग में 10वें नंबर पर, डीएम अनुनय झा ने कही यह बात

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।