30 मी. चौड़ा रास्ता और पुल बदलेगा शिवालिक की कनेक्टिविटी, 40 करोड़ रु होगा बजट
मुरादाबाद में खुशहालपुर और मझोला आवासीय योजना से शिवालिक टाउनशिप तक कनेक्टिविटी बेहतर करने के लिए 30 और 60 मीटर ...और पढ़ें

मुरादाबाद विकास प्राधिकरण कार्यालय।जागरण
HighLights
खुशहालपुर-मझोला से शिवालिक तक नए मार्ग और पुल का प्रस्ताव।
गागन नदी पर पुल निर्माण से कनेक्टिविटी में होगा सुधार।
एमडीए बोर्ड बैठक में 40 करोड़ रुपये के पुल पर चर्चा।
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। खुशहालपुर से 30 मीटर और मझोला आवासीय योजना से 60 मीटर चौड़े नए मार्ग और हर्बल पार्क के पास गागन नदी पर प्रस्तावित पुल शिवालिक टाउनशिप की कनेक्टिविटी को नई दिशा देगा। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (एमडीए) की छह अक्टूबर को होने वाली बोर्ड बैठक में यह प्रस्ताव रखे जाएंगे।
खुशहालपुर रोड से डिडौरा-डिडौरी, शाहपुर होते हुए खदाना तक करीब तीन किलोमीटर लंबा मार्ग विकसित करने की तैयारी है। इसके बनने से घनी आबादी वाले इस क्षेत्र को बेहतर संपर्क मार्ग मिलेगा और शिवालिक टाउनशिप तक पहुंच आसान होगी।
हर्बल पार्क के पास गागन नदी पर पुल
प्रस्तावित 30 मीटर मार्ग को हर्बल पार्क से गागन नदी होते हुए रिंग रोड तक मझोला आवासीय योजना से रिंग रोड तक प्रस्तावित 60 मीटर चौड़ी सड़क से जोड़ा जाएगा। यह नेटवर्क मझोला आवासीय योजना क्षेत्र से शिवालिक होते हुए रिंग रोड तक कनेक्टिविटी देगा, नया मुरादाबाद भी हर्बल पार्क के पास प्रस्तावित पुल के जरिए इन दोनों रोड से कनेक्ट हो जाएगा। इस तरह खुशहालपुर रोड व मझोला आवासीय योजना से आने वाले वाहनों को भी भविष्य में बड़े मार्ग से सीधा संपर्क मिल सकेगा।
एमडीए बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कराई जाएंगी। इसमें निर्माण लागत, तकनीकी डिजाइन और अन्य जरूरी प्रावधान तय होंगे।
40 करोड़ रुपये पुल के लिए सेतु निगम को देने को एमडीए रखेगा प्रस्ताव
40 करोड़ रुपये का पुल शासन से बजट न मिलने की स्थिति में एमडीए अपने संसाधनों से बनवाने की तैयारी में है। हर्बल पार्क के पास गागन नदी पर प्रस्तावित इस पुल का प्रस्ताव सेतु निगम पहले ही शासन को भेज चुका है। यदि शासन से धनराशि स्वीकृत नहीं होती है तो छह अक्टूबर की बोर्ड बैठक में एमडीए की ओर से 40 करोड़ रुपये उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा जाएगा। शासन से बजट मिल जाने पर प्राधिकरण यह राशि खर्च नहीं करेगा।
नए पुल के लिए शासन से बजट नहीं मिला तो एमडीए सेतु निगम को खुद धनराशि देने को तैयार
पुल बनने से शिवालिक समेत आसपास विकसित होने वाली आवासीय योजनाओं को भी सीधा संपर्क मिलेगा। इस मार्ग का महत्व इसलिए भी बढ़ जाता है कि शिवालिक क्षेत्र में एमडीए की नई टाउनशिप के पहले चरण का विकास प्रस्तावित है। प्रमुख सड़कों से सीधा जुड़ाव मिलने पर आवासीय क्षेत्र तक पहुंच का नया विकल्प तैयार होगा। 30 मीटर मार्ग से खुशहालपुर और आसपास के क्षेत्रों के लिए वैकल्पिक संपर्क उपलब्ध होगा। बोर्ड की मंजूरी के बाद निर्माण संबंधी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। दिशा तय होगी।
यह भी पढ़ें- ग्राहकों को मिलेगी ताजी मिठाई की गारंटी: एक्सपायरी डेट बताया अनिवार्य, मुरादाबाद में 15 से नया नियम
250 भूखंडों के साथ गोविंदपुरम-2 की तैयारी
गोविंदपुरम-2 टाउनशिप को दिल्ली रोड क्षेत्र में विकसित करने की तैयारी है। छह अक्टूबर की बोर्ड बैठक में योजना से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा होगी। इसमें करीब 250 आवासीय भूखंड प्रस्तावित हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग-9 से कनेक्टिविटी के कारण क्षेत्र में आवासीय विकास की संभावनाएं हैं। योजना में सड़क, सीवर, पेयजल, जल निकासी, भूमिगत बिजली नेटवर्क, पार्क और ग्रीन बेल्ट जैसी सुविधाएं विकसित करने का प्रस्ताव है। बोर्ड की मंजूरी के बाद भूखंडों की संख्या, आकार, दर और आवेदन प्रक्रिया से जुड़ी अंतिम जानकारी तय होगी।
