यूपी के मीरजापुर में दिखा 2 फीट लंबा दुर्लभ पैंगोलिन, खतरा देखकर खुद को बॉल की तरह कर लेता है गोल
मीरजापुर के मुरघुरा गांव में एक दुर्लभ दो फीट लंबा पैंगोलिन घर में घुस गया, जिससे परिवार के सदस्य भयभीत होकर बाहर निकल आए।

लालगंज के मुरघुरा गांव स्थित बचनी कोल के घर में मिला पैंगोलीन
HighLights
मुरघुरा गांव में दो फीट लंबा दुर्लभ पैंगोलिन घर में घुसा।
परिवार के बच्चे और महिलाएं भयभीत होकर घर से बाहर निकलीं।
वन विभाग ने पैंगोलिन को पकड़कर सुरक्षित जंगल में छोड़ा।
जागरण संवाददाता, मीरजापुर। दुबार क्षेत्र के मुरघुरा गांव में रविवार की रात एक घर में दुर्लभ पैंगोलिन घुसने से बच्चे और महिलाएं पूरी भयभीत होकर घर से बाहर निकल आई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण पहुंच गए। ऐसे में लोगों की भीड़ देख पैंगोलिन ने अपने आपकों गेंद की तरह गोल कर लिया।
मौके पर पहुंचे वन विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद पैंगोलिन को पकड़कर कुशियरा जंगल में ले जाकर सुरक्षित छोड़ दिया।
गांव निवासी बचानी कोल के परिवार व बच्चे खाना खाकर सोने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान उनके कच्चे घर के एक कोने में बैठा लगभग दो फीट लंबा पैंगोलिन देख बचानी डरे सहमे आवाज में चिल्लाने लगी। इसी बीच परिवार की महिलाएं और बच्चे तथा अन्य सदस्य की भी नजर सफेद रंग के पैंगोलिन पर पड़ी तो सभी घर से बाहर भाग आए और चीखने चिल्लाने लगे।
इसी बीच जुटे गांव वालों ने वन विभाग को सूचना दे दिया। घटना की जानकारी होते ही रेंजर श्रवण कुमार यादव, डिप्टी रेंजर वीरेंद्र यादव, पिंटू लाल यादव, राजदीप वर्मा और शिव शंकर तिवारी की टीम मौके पर पहुंचकर सावधानीपूर्वक पैंगोलिन को पकड़ लिया।
इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।वन रेंजर ने ग्रामीणों को वन्यजीवों से दूरी बनाए रखने और ऐसे जीव दिखाई देने पर वन विभाग को सूचना देने की सलाह दी।
यह भी पढ़ें- वाराणसी, मीरजापुर और आजमगढ़ मंडलों में जमकर गरजे- बरसे बादल, ओलावृष्टि से फसलों को काफी नुकसान
