मीरजापुर में सपा नेता की ब्राह्मण विरोधी टिप्पणी को लेकर मचा बवाल, माफी की मांग के बाद FIR दर्ज
मीरजापुर में समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष शिव शंकर यादव द्वारा ब्राह्मण और सनातन समाज पर कथित अशोभनीय टिप्पणी का विरोध हो रहा है।

HighLights
सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष पर अशोभनीय टिप्पणी का आरोप।
ब्राह्मण संगठनों ने माफी और कार्रवाई की मांग की।
पूर्व जिलाध्यक्ष ने आरोपों को साजिश बताया है।
जागरण संवाददाता, मीरजापुर। समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष शिव शंकर यादव की ओर से एक कार्यक्रम में ब्राह्मण और सनातन समाज पर की गई कथित अशोभनीय टिप्पणी का विरोध हो रहा है। अखिल भारतीय ब्राह्मण कल्याण संस्थान के राष्ट्रीय महामंत्री पं. सुनील कुमार पांडेय ने इसे ब्राह्मण समाज का अपमान बताया। उन्होंने पूर्व जिलाध्यक्ष से 24 घंटे के भीतर माफी मांगने को कहा है। ऐसा नहीं करने पर संस्थान चार नवंबर को दोपहर 12 बजे शहर कोतवाली में प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज कराने और आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
प्रदर्शन करके जिलाध्यक्ष का जताया विरोध
गैपुरा में कथित बयान के विरोध में परशुराम सेना अकोढ़ी के पदाधिकारियों और सदस्यों ने गांव के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन कर पूर्व जिलाध्यक्ष का पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से शिकायत करते हुए मांग की कि ऐसे बयान देने वाले व्यक्ति को तत्काल पार्टी से बाहर किया जाए। सदस्यों ने कहा कि सनातन धर्म और ब्राह्मण समाज के प्रति कथित अभद्र टिप्पणियों से नाराजगी बढ़ रही है।
पार्टी ने कार्रवाई नहीं की तो इसका असर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में देखने को मिल सकता है। प्रदर्शन में संतोष तिवारी, जय प्रकाश मिश्र, सर्वजीत शुक्ला, मुकेश शुक्ला, दिलीप शुक्ला, धीरज दुबे, सर्वेश दुबे, राजू तिवारी और विजय मिश्रा शामिल रहे।
विंध्याचल में विंध्यवासिनी धाम के आचार्य अनुपम महाराज ने कथित टिप्पणियों को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज, जाति या धर्म के प्रति अपमानजनक भाषा उचित नहीं है। पूजा-पाठ में किसे बुलाना है, यह व्यक्ति का निजी निर्णय हो सकता है, लेकिन किसी पूरे समाज का अपमान करने का अधिकार किसी को नहीं है। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण का धर्म ज्ञान, वेद, शास्त्र, पूजा-पाठ और संस्कार के जरिए समाज को धर्म का मार्ग दिखाना है।
सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष शिवशंकर सिंह यादव ने बताया 20 वर्ष पुराने वीडियो को गलत तरीके से प्रसारित किया गया है। इसकी शिकायत कर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। उनका दावा है कि उन्होंने सनातन धर्म और ब्राह्मण समाज को लेकर कभी अभद्र टिप्पणी नहीं की और यह उनके खिलाफ साजिश है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।