विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मीरजापुर से जुड़ी है 'कजरी' लोकगीत, मां कज्जला देवी की आराधना से अखाड़ों के दंगल तक रहा इतिहास

Published: Sat, 21 Nov 2026 03:29 PM (IST)

मीरजापुर की प्राचीन कजरी लोक परंपरा मां विंध्यवासिनी और कज्जला देवी से जुड़ी है, जिसका इतिहास अखाड़ों के दंगल तक फैला है। 

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. कजरी लोकगीत मां विंध्यवासिनी और कज्जला देवी से जुड़ा।

  2. पद्मश्री उर्मिला श्रीवास्तव और अजीता श्रीवास्तव ने दिलाई पहचान।

  3. 'एक जनपद-एक कला' से कजरी को नया मंच मिलने की उम्मीद।

जागरण संवाददाता, मीरजापुर। मीरजापुर की कजरी (कजली) प्राचीन लोक परंपरा है। पर्यटन विभाग के अनुसार लोक मान्यताओं, धार्मिक कथाओं और साहित्यिक संदर्भों में इसका विकास मुख्य रूप से विंध्य क्षेत्र से जुड़ा है। भाद्र माह के कृष्ण पक्ष में मां विंध्यवासिनी का जन्मोत्सव मनाया जाता है। देवी के दूसरे नाम कज्जला देवी से भी कजरी को जोड़ा जाता है।

मान्यता है कि जन्मोत्सव या सावन में रातभर जागकर कजरी गाने की परंपरा रही है। गत दिनों मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक जिला एक कला की घोषणा की थी, जिसको लेकर प्रशासन ने भी पहल शुरू की है। इस प्राचीन लोक परंपरा को सहेजने के लिए कजरी कलाकारों में उम्मीद जगी है कि अब कला को नया मंच मिलेगा।

कजली या कजरी को काजल और सावन के काले मेघों से जोड़ने की मान्यता भी है। साहित्यकार बद्रीनाथ चौधरी प्रेमघन सहित कई लेखकों ने मीरजापुर की कजली और सावन-विंध्य के परिवेश का वर्णन किया है। कजरी गायन आमतौर पर देवी या ईश्वर की वंदना से शुरू होता है।

कजरी अखाड़ों की पुरानी परंपरा

गीतों में वर्षा, प्रकृति, शृंगार, विरह और सामाजिक जीवन के भाव आते हैं। मीरजापुर में कजरी अखाड़ों की पुरानी परंपरा रही है। बनारस और अन्य क्षेत्रों के अखाड़े भी मुकाबलों में भाग लेते थे। इन आयोजनों में हजारों लोग जुटते थे और विजयी दल को कुश्ती के दंगल की तरह सम्मान मिलता था।

एक समय मीरजापुर की कजरी प्रदेश के साथ देश के कई हिस्सों में लोकप्रिय थी। बीते कुछ वर्षों में इसके प्रेमियों की संख्या घटने से परंपरा प्रभावित हुई है। गायिका उर्मिला श्रीवास्तव 1968 से कजरी और पारंपरिक लोकगीत गा रही हैं। वह देवी गीत, कहरवा, दादरा, चैती, होली, झूमर, खेमटा, बन्नी, सोहर, लचारी और विदेशिया में भी प्रस्तुति देती हैं।

उन्होंने आकाशवाणी और दूरदर्शन पर गायन किया, संगीत व्याख्याता के रूप में सेवाएं दीं, लोकगीतों का संग्रह किया और अनेक शिष्यों को प्रशिक्षित किया। उन्हें 2023 में उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी का अकादमी रत्न सम्मान और 2024 में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से पद्मश्री मिला है।

मीरजापुर की कजरी को पद्मश्री स्व. अजीता श्रीवास्तव ने दिलाई पहचान

पद्मश्री स्व. अजीता श्रीवास्तव ने 1980 में आकाशवाणी (आल इंडिया रेडियो), वाराणसी से गायन शुरू किया और मीरजापुर की कजरी को राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाई। वह दूरदर्शन, संगीत नाटक अकादमी और भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद से जुड़ी रहीं।

उन्होंने आर्य कन्या इंटर कॉलेज में 1977 से 2017 तक 40 वर्ष प्रवक्ता के रूप में अध्यापन किया और नई पीढ़ी को निश्शुल्क प्रशिक्षण दिया। उनके गीतों ने ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’, स्वच्छ भारत और कोविड-19 जागरुकता अभियानों में योगदान दिया। उन्हें 2022 में पद्मश्री, 2017 में उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार और 1996 में कजली साम्राज्ञी सम्मान मिला। 70 वर्ष की आयु में 17 अगस्त 2024 को उनका निधन हुआ।

सराहनीय कार्य

पद्मश्री उर्मिला श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ‘एक जनपद-एक कला’ को बढ़ावा देने की घोषणा को सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि कजरी गायकों को मंच और प्रोत्साहन मिले, शोध संस्थान खुले तथा गीतों का अभिलेख तैयार हो। गांव और शहर के गायकों के साथ लेखकों को भी सम्मानित किया जाना चाहिए, ताकि भावी पीढ़ी इस विधा से परिचित हो।

भादो माह के कृष्ण पक्ष में मां विंध्यवासिनी का अवतरण दिवस मनाया जाता है। मां के सहस्त्रनाम में कज्ज्ला देवी भी है। जिसे हम उत्सव के रूप में मनाते हैं। इस उत्सव में कजली गई जाती है। यहीं से कजली (कजरी) की शुरूआत हुई है। -राजन पाठक, पूर्व अध्यक्ष, श्री विंध्य पंडा समाज।

 

भाद्र व कृष्ण पक्ष में मां विंध्यवासिनी का जन्मोत्सव मनाया जाता है। उनका दूसरा नाम कज्जला देवी है। इसे हम कजली गीत गाकर उत्सव के रूप में मनाते है। मीरजापुर से ही कजरी की शुरूआत हुई है। -बृजेश कुमार यादव, पर्यटन अधिकारी।

यह भी पढ़ें- राष्ट्रीय मंच तक पहुंची सदियों पुरानी धोबिया नृत्य की धमक, जापानी धुन पर गूंजा गाजीपुर का 'चंपवा की कलियां निराली'


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।