देव दीपावली पर हजारों दीपों की रोशनी से जगमगाएगा चुनार का ऐतिहासिक बालूघाट, बिखरेगी आस्था व संस्कृति की छटा
देव दीपावली पर चुनार का ऐतिहासिक बालूघाट हजारों दीपों की रोशनी से जगमगाएगा, जहां आस्था, परंपरा और उल्लास का संगम होगा। चुनार क्लब द्वारा आयोजित इस उत्सव में गंगा आरती, आतिशबाजी और सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहेंगे, साथ ही साइबर सुरक्षा व गंगा स्वच्छता का संदेश भी दिया जाएगा।
-1795489206621_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
HighLights
हजारों दीपों, रंगीन रोशनी से जगमगाएगा ऐतिहासिक बालूघाट।
भव्य गंगा आरती, आतिशबाजी, लेजर शो मुख्य आकर्षण।
साइबर सुरक्षा, गंगा स्वच्छता का संदेश भी दिया जाएगा।
जागरण संवाददाता, चुनार (मीरजापुर)। देव दीपावली पर चुनार के ऐतिहासिक बालूघाट पर मंगलवार शाम आस्था, परंपरा और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। चुनार क्लब की ओर से साहित्य संत धाम पर आयोजित उत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। घाट पर हजारों दीपों की दीपमाला, रंगीन रोशनी, कलात्मक रंगोलियां और चित्रकारी गंगा तट को उत्सव के रंग में रंगने को तैयार हैं। सोमवार रात तक सजावट और चित्रकारी का कार्य अंतिम रूप ले चुका था।
इस वर्ष आयोजन में साइबर सुरक्षा और गंगा स्वच्छता का संदेश प्रमुखता से उकेरा गया है। रंगोलियों और चित्रों के माध्यम से लोगों को डिजिटल सतर्कता के साथ गंगा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया है। विंध्य गुरुकुल कालेज के फाइन आर्ट्स विभाग के विद्यार्थियों ने घाट की सीढ़ियों और दीवारों पर आकर्षक रंगोलियां तथा चित्र बनाए हैं।
प्राचीन पीपल वृक्ष और उसके चबूतरे को भी आकर्षक प्रकाश सज्जा से सजाया गया है। जन सहयोग से स्थापित आई लव चुनार सेल्फी प्वाइंट भी आयोजन का आकर्षण रहेगा।उत्सव के दौरान भव्य गंगा आरती, आतिशबाजी और गंगा में दीपों का अर्पण प्रमुख आकर्षण होंगे। चुनार गौरव सम्मान के माध्यम से स्थानीय युवाओं को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों और योगदान को प्रोत्साहित किया जाएगा।
लेजर लाइट शो और लाइट एंड साउंड प्रस्तुति आयोजन की भव्यता को और बढ़ाएगी। संयोजक ई. सर्वेश सिंह और समर्थ सिंह पटेल के नेतृत्व में देवेश चक्रवाल, मानस सिंह, निखिल कुमार, वीर सिंह पटेल, देश दीपक, प्रदीप जायसवाल, पिंटू गुप्ता और पुलकित सिंघल सहित क्लब के युवाओं की टोली आयोजन को अंतिम रूप देने में जुटी रही। दीपों, आरती और आतिशबाजी से आलोकित बालूघाट देव दीपावली की सांझ श्रद्धा और संस्कृति की अनुपम छटा बिखेरेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।