विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू-कश्मीर के सैन्य एयरबेस पर फिदायीन हमले की तैयारी कर रहा जुबैर मेरठ से गिरफ्तार, शहजाद भट्टी गैंग से जुड़े तार

Published: Tue, 24 Nov 2026 06:00 AM (IST)

जम्मू-कश्मीर के सैन्य एयरबेस को निशाना बनाने के लिए फिदायीन हमले की तैयारी कर रहे मेरठ निवासी जुबैर को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. मेरठ निवासी जुबैर गिरफ्तार

  2. सैन्य एयरबेस को निशाना बनाने के लिए कर रहा था फिदायीन हमले की तैयारी 

  3. पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के संपर्क में था

जागरण संवाददाता, मेरठ। जम्मू-कश्मीर के सैन्य एयरबेस को निशाना बनाने के लिए फिदायीन हमले की तैयारी कर रहे कोतवाली के बनियापाड़ा निवासी जुबैर को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में जुबैर ने जम्मू-कश्मीर में एयरबेस पर हमले की तैयारी करने और पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के संपर्क में रहकर काम करने की बात बताई है।

गिरफ्तारी के बाद आईबी, एटीएस और इंटेलिजेंस की टीमों ने उससे कई घंटे तक पूछताछ की। जम्मू-कश्मीर पुलिस को भी उसकी गिरफ्तारी की जानकारी दे दी गई है। अब सुरक्षा एजेंसियां उसके संपर्कों, डिजिटल गतिविधियों और आतंकी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं।

कोतवाली थाना क्षेत्र के बनियापाड़ा का रहने वाला है। जांच में सामने आया था कि जुबैर करीब छह महीने से जम्मू-कश्मीर में पकड़े गए संदिग्ध आतंकी मोहम्मद साजिद के ऑनलाइन संपर्क में था। साजिद के वाट्सएप ग्रुप से जुड़कर जम्मू कश्मीर में सैन्य एयरबेस पर फिदायीन हमले की तैयारी कर रहा था। इसके अलावा पाकिस्तान के कई मोबाइल नंबरों पर बातचीत करने के इनपुट भी सुरक्षा एजेंसियों को मिले थे।

27 नवंबर 2025 को जम्मू के बाहु फोर्ट थाने की पुलिस ने रियासी के जेडी पंदाल निवासी 19 वर्षीय मोहम्मद साजिद समेत दो संदिग्ध आंतकी को गिरफ्तार किया था। साजिद पर युवाओं को कट्टरपंथ से जोड़ने और आतंकी गतिविधियों में संलिप्त होने के आरोप हैं। जांच में उसके पाकिस्तान में बैठे आतंकी हैंडलर शहजाद भटटी के संपर्क में होने की बात सामने आई थी। साजिद बठिंडी में रहकर नीट की तैयारी कर रहा था। उसके पिता असलम सीआरपीएफ में हैं और दिल्ली में तैनात हैं।

आईबी, एटीएस और इंटेलिजेंस की टीमों ने कई घंटे की पूछताछ

असलम का परिवार तीन वर्ष पहले जम्मू के बठिंडी में रहने आया था। साजिद से पूछताछ के दौरान जम्मू-कश्मीर पुलिस को उसके वाट्सएप ग्रुप में मेरठ के बनियापाड़ा निवासी जुबैर का कनेक्शन मिला था। जांच में यह भी सामने आया कि जुबैर ने ग्रुप में मेरठ से जुड़ी कुछ सूचनाएं साझा की थीं। जनवरी में जम्मू-कश्मीर पुलिस की टीम जुबैर को पकड़ने मेरठ आई थी, लेकिन उस समय वह पुलिस की पकड़ में नहीं आ सका था।

जम्मू-कश्मीर पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही जुबैर और उसका पूरा परिवार घर पर ताला डालकर फरार हो गया था। परिवार के सदस्यों ने अपने मोबाइल नंबर भी बंद कर लिए थे। पुलिस ने जुबैर के दो भाइयों को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी, हालांकि बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। इसके बाद पुलिस ने जुबैर के घर पर नोटिस चस्पा कर उसे बयान दर्ज कराने के लिए तलब किया था।

सोमवार को जुबैर की गिरफ्तारी के बाद मामले में नया मोड़ आ गया है। गिरफ्तारी के बाद आईबी, एटीएस और इंटेलिजेंस की टीमों ने उससे कई घंटे पूछताछ की। पूछताछ में एयरबेस पर फिदायीन हमले की तैयारी और पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के संपर्क में काम करने की बात सामने आई है। जम्मू-कश्मीर पुलिस को उसकी गिरफ्तारी की सूचना दे दी गई है। अब जम्मू-कश्मीर पुलिस भी उससे पूछताछ कर साजिद और पाकिस्तान में बैठे नेटवर्क से उसके संपर्कों की जानकारी जुटाएगी।

पिता भी हत्याकांड में जा चुके हैं जेल

जुबैर के पिता साजिद कुरैशी भी एक हत्याकांड के मामले में जेल जा चुके हैं। पीड़ित पक्ष से समझौते के बाद वह जेल से बाहर आए थे। पुलिस ने जुबैर और उसके परिवार के बैंक खातों की भी जांच शुरू की थी।

एसपी सिटी विनायक भोसले ने बताया किजुबैर की गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां उसके वित्तीय लेनदेन, मोबाइल फोन, वाट्सएप ग्रुप और पाकिस्तान के नंबरों से संपर्क की पड़ताल कर रही हैं। एयरबेस को निशाना बनाने की साजिश में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा उसे निर्देश कहां से मिल रहे थे।

यह भी पढ़ें- CO ऑफिस से 100 मीटर दूर मेरठ के परिवार से लूट करने वाला गाजियाबाद का बदमाश एनकाउंटर में घायल, बागपत पुलिस ने की कार्रवाई

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।