विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

CO ऑफिस से 100 मीटर दूर मेरठ के परिवार से लूट करने वाला गाजियाबाद का बदमाश एनकाउंटर में घायल, बागपत पुलिस ने की कार्रवाई

By Rajeev Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Mon, 23 Nov 2026 02:08 PM (IST)

बड़ौत में सीओ कार्यालय लगभग 100 मीटर लूट करने वाले बदमाश सुरेंद्रपाल को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के पैर में गोली लगी। उसके खिलाफ पहले से 30 मुकदमे दर्ज हैं।

मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार बदमाश के साथ पुलिस टीम।

मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार बदमाश के साथ पुलिस टीम।

HighLights

  1. बड़ौत में मेरठ के परिवार पर हमला कर महिला से लूटा था सोने का हार।

  2. पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली, साथी फरार, लूटा गया हार बरामद।

जागरण संवाददाता, बड़ौत (बागपत)। बड़ौत शहर में रायल स्टेप विवाह मंडप के बाहर मेरठ के परिवार पर हमला कर महिला का सोने का हार लूटने वाले बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपित के पैर में गोली लगी। उसका साथी अमजद अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

गिरफ्तार आरोपित की पहचान सुरेंद्रपाल पुत्र कांति प्रसाद निवासी नंदग्राम, गाजियाबाद के रूप में हुई है। उसके खिलाफ गाजियाबाद, मेरठ और बागपत समेत विभिन्न स्थानों पर पहले से 30 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसके कब्जे से तमंचा, चोरी की बाइक और लूटा गया सोने का हार बरामद किया है। 

रविवार रात सुरेंद्रपाल और उसका साथी अमजद किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से शहर में घूम रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सुरेंद्रपाल गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जबकि उसका साथी अमजद फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है।

गौरतलब है कि शनिवार देर रात मेरठ के शास्त्रीनगर निवासी विक्रांत गौतम अपनी पत्नी सावित्री गौतम और बेटे देवेंद्र प्रताप सिंह के साथ रॉयल स्टेप विवाह मंडप में शादी समारोह में शामिल होने आए थे। समारोह से लौटते समय मंडप के बाहर दो बदमाशों ने परिवार को घेरकर तमंचों की बट से हमला किया था और सावित्री गौतम के गले से सोने का हार लूट लिया था। शोर सुनकर लोगों ने एक आरोपी को पकड़ लिया था, जबकि दूसरा फरार हो गया था।

घटनास्थल से सीओ कार्यालय की दूरी महज 100 मीटर 

इस वारदात के बाद शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे थे। खास बात यह है कि घटनास्थल से सीओ कार्यालय की दूरी महज लगभग 100 मीटर है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ कर उसके फरार साथी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। सीओ अंशु जैन ने बताया कि फरार आरोपित अमजद की तलाश की जा रही है। घायल बदमाश को उपचार के बाद अदालत में पेश किया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।