‘हम भी तैयार हैं’ के एक कमेंट ने खोला आतंकी नेटवर्क का राज! फिदायीन साजिश में मेरठ का युवक गिरफ्तार
मेरठ (बनियपाड़ा) के 22 वर्षीय उजैद उर्फ जुबेर को कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई में हापुड़ से गिरफ्तार कर जम्मू पुलिस को सौंपा है। पुलिस के अनुसार, इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पर टिप्पणी करने के बाद वह जम्मू के रियासी निवासी मोहम्मद साजिद के जरिए कथित तौर पर ऑनलाइन आतंकी नेटवर्क के संपर्क में आया और करीब तीन साल से इससे जुड़ा था।

HighLights
इंस्टाग्राम टिप्पणी से शुरू हुआ संपर्क और किशोरों को उकसाने का आरोप
ऑनलाइन समूहों व संदिग्ध संपर्कों की जांच
नवंबर 2025 की साजिश और हापुड़ से गिरफ्तारी
जागरण संवाददाता, मेरठ। भारत विरोधी सामग्री देखने और एक वीडियो पर ‘हम भी तैयार हैं’ लिखने के बाद 22 वर्षीय उजैद उर्फ जुबेर आतंकी नेटवर्क के संपर्क में आया। इंस्टाग्राम पर टिप्पणी के बाद जम्मू के मोहम्मद साजिद ने उससे संपर्क किया। आरोप है कि उजैद इंस्टाग्राम, सेशन और सिग्नल एप के जरिए किशोरों को जिहाद और आतंकी गतिविधियों के लिए उकसाता था। नवंबर 2025 में आर्मी कैंप या सैन्य काफिले पर फिदायीन हमला करने की साजिश में भी उसकी भूमिका सामने आई है।
पुलिस लाइन स्थित प्रेस कांफ्रेंस में एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति और एसपी सिटी विनायक भोसले ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र के बनियापाड़ा निवासी उजैद को मंगलवार को कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम नगर ने संयुक्त कार्रवाई में हापुड़ से गिरफ्तार किया। जम्मू-कश्मीर के थाना बाहु फोर्ट में उजैद के खिलाफ नवंबर 2025 में मुकदमा दर्ज हुआ था।
जांच के दौरान जम्मू पुलिस को उजैद के आनलाइन नेटवर्क का पता चला। पुलिस उसके मोबाइल, इंटरनेट मीडिया अकाउंट और डिजिटल संपर्कों की जांच कर रही है। जांच में जम्मू के रियासी निवासी मोहम्मद साजिद के पाकिस्तान से जुड़े संदिग्धों के संपर्क और इंटरनेट मीडिया पर आतंकी गतिविधियों से जुड़े समूह संचालित करने की जानकारी मिली।
चार संदिग्ध इंस्टाग्राम आइडी चिह्नित की गईं—एक मेरठ, एक किश्तवाड़ और दो पाकिस्तान से जुड़ी थीं। जम्मू पुलिस ने मेरठ पुलिस के साथ 18 जनवरी और 21 फरवरी 2026 को दबिश दी, लेकिन उजैद नहीं मिला। बाद में एसएसपी के निर्देश पर एसपी सिटी के नेतृत्व में टीम गठित हुई और मंगलवार को उसे गिरफ्तार किया गया।
पुलिस पूछताछ में उजैद ने बताया कि वह इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर भारत विरोधी सामग्री तथा पाकिस्तानी आतंकी मसूद अजहर, तारिक मसूद और डाक्टर इशरार अहमद के वीडियो देखता था।
पुलिस के अनुसार, टिप्पणी के बाद साजिद से बातचीत बढ़ी और उजैद को भड़काऊ ओडियो भेजे जाने लगे। आरोप है कि वह उन्हें 14 वर्ष से अधिक उम्र के किशोरों तक पहुंचाता और बाद में आडियो मिटा देता था।
जांच में इंस्टाग्राम और सेशन एप पर ‘Tuition-40’ तथा ‘Brigade’ समूह मिले। इनमें पीओके निवासी अमीर हमजा, पाकिस्तान के पंजाब निवासी अबू मुसाब, फुरकान, कामरान और अन्य संदिग्ध जुड़े बताए गए हैं। पुलिस का दावा है कि समूहों के संचालन में उजैद की अहम भूमिका थी। इंस्टाग्राम पर ‘Al-Muzzahid’ समूह में उजैद, साजिद, अमीर हमजा और अबू मुसाब थे।
एक व्हाट्सएप समूह के तार मुजाहिदीन और लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े बताए गए हैं। पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के इंटरनेट मीडिया अकाउंट से भी संदिग्ध गतिविधियों के संबंध की जांच हो रही है। नवंबर 2025 में आर्मी कैंप या सैन्य काफिले पर हमले की योजना में साजिद को रेकी और उजैद को हथियार तथा एक्सप्लोसिव जैकेट उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी थी। गुरेज वैली के रास्ते हथियार, विस्फोटक सामग्री और प्रशिक्षण देने की योजना बताई गई। पुलिस साजिश और अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- मेरठ के इंडस्ट्रियल कॉरिडोर में लगेगा अमेरिकी कंपनी का 2913 करोड़ रुपये का प्लांट, CM योगी आज करेंगे शिलान्यास
एसपी सिटी विनायक भोसले और सीओ संग्राम सिंह की पूछताछ में सामने आया कि उजैद के 2023 से विभिन्न जमातों में जाने और करीब तीन साल से नेटवर्क के संपर्क में रहने की जानकारी मिली है। राजनीतिक नेतृत्व, सेना और पुलिसकर्मियों को आत्मघाती हमलों में निशाना बनाने संबंधी विचारों के प्रचार का भी आरोप है। वह नवंबर में छह दिन के लिए जम्मू-कश्मीर गया था। पुलिस उसके दौरे और संभावित मुलाकातों की पड़ताल कर रही है। कक्षा छह तक पढ़े उजैद के परिवार में चार भाई और एक बहन हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।