फिदायीन हमले की योजना बना रहे संदिग्ध आतंकी उजैद ने 11 महीने बाद चलाया था फोन, पुलिस ने रेकी के बाद हापुड़ से पकड़ा
संदिग्ध आतंकवादी उजैद कुरैशी को हापुड़ से गिरफ्तार कर लिया गया है, जो जनवरी से जम्मू-कश्मीर पुलिस की तलाश में था।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
संदिग्ध आतंकी उजैद कुरैशी हापुड़ से गिरफ्तार।
11 महीने बाद मोबाइल ऑन करते ही पुलिस ने दबोचा।
वह किशोरों को देशविरोधी गतिविधियों के लिए बरगला रहा था।
जागरण संवाददाता, मेरठ। संदिग्ध आतंकवादी उजैद कुरैशी की तलाश में जम्मू-कश्मीर पुलिस जनवरी में मेरठ आई थी। इसकी भनक लगने पर उजैद फरार हो गया था। उसने तभी अपने मोबाइल का डाटा डिलीट कर अपना फोन बंद कर लिया था। पुलिस की सक्रियता कम होने पर इसी माह उसने अपना मोबाइल फोन फिर से चालू किया।
सर्विलांस पर लगा उसके फोन का आईएमईआई नंबर सक्रिय होने पर पुलिस ने उजैद की फिर से तलाश शुरू की। कई दिन की रेकी के बाद आरोपित को हापुड़ में उसके ननिहाल से गिरफ्तार किया। बुधवार को जम्मू-कश्मीर पुलिस मेरठ पहुंची और ट्रांजिट रिमांड पर उसे अपने साथ ले गई।
जम्मू के थाना बाहू फोर्ट में नवंबर, 2025 में एक मुकदमा दर्ज हुआ था। इसकी जांच के दौरान पुलिस को जम्मू संभाग के जिला रियासी निवासी मोहम्मद साजिद के पाकिस्तान से जुड़े संदिग्धों के संपर्क और इंटरनेट मीडिया पर आतंकी गतिविधियों से जुड़े समूह संचालित करने की जानकारी मिली।
उसके मोबाइल, इंटरनेट मीडिया अकाउंट और डिजिटल संपर्कों की जांच की गई तो चार संदिग्ध इंस्टाग्राम आइडी चिह्नित की गईं। इनमें एक मेरठ, एक किश्तवाड़ व दो पाकिस्तान से जुड़ी थीं। मेरठ की आईडी उजैद की थी। उजैद ही साजिद के साथ मिलकर आर्मी चेक पोस्ट या कैंप पर फिदायीन हमले की योजना बना रहा था। इसके बाद उजैद की तलाश में जम्मू पुलिस पहले 18 जनवरी और फिर 21 फरवरी को मेरठ पहुंची थी।
फरार होने के बाद वह हापुड़ में अपने ननिहाल में छिपा हुआ था। 11 महीने में उसने कोई फोन इस्तेमाल नहीं किया। मोबाइल फोन आन करने के बाद ही पुलिस को उसका पता चला।
जांच में सामने आया कि उजैद के संपर्क में मेरठ और हापुड़ के दस से ज्यादा किशोर थे। उजैद इन किशोरों को देशविरोधी आडियो व वीडियो दिखाकर ब्रेनवाश कर रहा था। पुलिस की टीम उजैद और उसके परिवार के बैंक खातों की जांच कर रही है। साथ ही उसके मोबाइल का डाटा रिकवर किया जा रहा है। एसपी सिटी विनायक भोसले ने बताया कि उजैद से जुड़े अन्य युवकों और किशोरों की जानकारी जुटाई जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।