विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेरठ: कांवड़ पटरी मार्ग पर भाजपा नेता के बेटे पर जानलेवा हमला, धारदार हथियार से हमलाकर चेन और कार लूटी

By Shubham Gupta Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Wed, 25 Nov 2026 04:20 PM (IST)

Meerut News: मेरठ में भाजपा नेता के बेटे वैभव चौधरी को कांवड़ पटरी मार्ग पर थार सवार पांच बदमाशों ने बेरहमी से पीटा और धारदार हथियार से हमला कर सोने की चेन व कार लूट ली। 

News Article Hero Image

HighLights

  1. थार सवार पांच आरोपितों ने दिया वारदात को अंजाम।

  2. शादी समारोह से परिवार के साथ लौट था परिवार।

जागरण संवाददाता, मेरठ। चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग पर बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। मंगलवार देर रात अहमदाबाद गांव में भाजपा नेता के बेटे को थार सवार पांच आरोपित युवकों ने घेरकर बेरहमी से पीटा। आरोपितों ने धारदार हथियार से भी हमला किया और सोने की चेन व कार लूटकर फरार हो गए। हालांकि, आटोमेटिक कार बीच रास्ते में बंद हो गई तो आरोपित उसे छोड़कर भाग निकले।

अहमदाबाद गांव निवासी सचिन चौधरी भाजपा किसान मोर्चा के मंडल अध्यक्ष हैं। मंगलवार रात वह अपने बेटे वैभव चौधरी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ कांवड़ पटरी मार्ग स्थित एक मंडप में शादी समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात लौटते समय घर से करीब 50 मीटर पहले वैभव ने पत्नी और बच्चों को घर के अंदर भेज दिया।

इसी दौरान पीछे से थार सवार पांच आरोपित पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए वैभव पर हमला कर दिया। आरोपितों ने उसे बेरहमी से पीटा और धारदार हथियार से वार कर घायल कर दिया। शोर-शराबा होने पर आरोपित वैभव की सोने की चेन और कार लेकर फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलने पर सचिन चौधरी मंडप से किसी की स्कूटी लेकर मौके पर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने अन्य लोगों के साथ आरोपितों की तलाश शुरू की। इस दौरान कार मंडप के पास ही खड़ी मिली। बताया कि कार आटोमेटिक थी। जिसके चलते वह बीच रास्ते में ही बंद हो गई। इसके बाद आरोपित कार छोड़कर भाग निकले।

उधर, स्वजन घायल वैभव को सीएचसी लेकर पहुंचे। वहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालत गंभीर होने पर बाद में मेडिकल कालेज में भर्ती कराया।

पहले से खड़ी थी कांवड़ पटरी मार्ग पर थार

पीड़ित सचिन चौधरी ने बताया कि जिस थार में आरोपित सवार थे। वह कांवड़ पटरी मार्ग पर पहले से ही खड़ी थी। आशंका है कि आरोपित राहगीरों को लूटने की फिराक में वहां मौजूद थे। बताया पुलिस की जांच में थार गौतमबुद्धनगर की बताई गई है।

घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में दहशत है। लोगों ने कांवड़ पटरी मार्ग पर रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।