मेरठ के ऐतिहासिक चर्च में 'कृपाओं की माता' का वार्षिक महोत्सव, मां मरियम के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु
सरधना के ऐतिहासिक चर्च में 'कृपाओं की माता' का वार्षिक महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया, जहाँ माँ ...और पढ़ें
-1794202158948_m.webp)
HighLights
सरधना चर्च में कृपाओं की माता का वार्षिक महोत्सव मनाया गया।
माँ मरियम के दर्शन और विशेष प्रार्थनाओं के लिए उमड़ी भीड़।
भव्य मिस्सा बलिदान, शोभायात्रा और मेले का आयोजन हुआ।
जागरण संवाददाता, सरधना। कस्बे के ऐतिहासिक चर्च में रविवार को कृपाओं की माता के वार्षिक महोत्सव में श्रद्धा और उल्लास का माहौल रहा। सुबह से ही मां मरियम की चमत्कारिक तस्वीर के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लग गई। गिरजाघर से लेकर चर्च के मुख्य द्वार तक श्रद्धालु अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। श्रद्धालुओं ने मां मरियम के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और सलामती की कामना की।
रविवार सुबह विशेष प्रार्थना के बाद दस बजे भव्य मिस्सा बलिदान का आयोजन हुआ। इस दौरान पुरोहित क्रूस लेकर जुलूस के रूप में पहुंचे। प्रयागराज धर्मप्रांत के धर्माध्यक्ष लुईस मस्करेनहास ने बाइबिल का पाठ किया। उन्होंने मां मरियम को कृपाओं की माता बताते हुए कहा कि हे मां मरियम, हम सब पर अपनी कृपाओं की बरसात करें।
उन्होंने श्रद्धालुओं को प्रेम, दया और प्रार्थना का संदेश दिया। साथ ही देश की उन्नति और खुशहाली की कामना की। बिशप भास्कर जेसुराज ने कहा कि सच्चे मन से की गई प्रार्थना से मां मरियम अपने भक्तों की हर मन्नत पूरी करती हैं।
दोपहर 12 बजे बीमारों और धार्मिक वस्तुओं को आशीष दिया गया। इस दौरान फादर पीटर मार्टिन रावत, फादर वेलेरियन पिंटो, फादर जान मंडोनसा, फादर मारिया विनो, फादर लारेंस बेनेडिक्ट, फादर सुखविंदर मट्टू, फादर उदित सहित अन्य पुरोहित मौजूद रहे।
प्रवेश गीत के साथ शुरू हुआ मिस्सा बलिदान
मिस्सा बलिदान की शुरुआत प्रवेश गीत के गायन के साथ हुई। इसके बाद दया याचना, महिमा गान, बाइबिल जुलूस, अंतर भजन, जयघोष, अर्पण गीत, पावन, ईश्वर के मेमने और परमप्रसाद गीत सहित विभिन्न धार्मिक गीतों का गायन किया गया। श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव के साथ प्रार्थना में हिस्सा लिया।
चर्च से संत चार्ल्स इंटर कालेज तक निकाली शोभायात्रा
संत पापा ग्रेगोरी 16वें द्वारा बेगम को भेंट किए गए तर्बरूक (रेलिक) और मां मरियम की प्रतिमा के साथ चर्च से संत चार्ल्स इंटर कॉलेज तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में ईसाई समाज के श्रद्धालु क्रूस लेकर सबसे आगे चल रहे थे। वहीं, श्रद्धालु प्रार्थना और भक्ति गीतों के बीच पालकी में मां मरियम की प्रतिमा लेकर आगे बढ़े। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा का स्वागत किया।
मेले में उमड़ी भीड़, बच्चों ने झूलों का लिया आनंद
महोत्सव के चलते चर्च परिसर के बाहर लगे मेले में भी दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। लोगों ने दुकानों पर जमकर खरीदारी की, जबकि बच्चों ने झूलों का आनंद लिया। मेले में उत्साह और चहल-पहल का माहौल रहा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिसकर्मी भी दिनभर गश्त करते रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।