विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दूध में मिलावट की पहचान के लिए मार्केट में आई नई रैपिड टेस्टिंग किट, रंग आधारित पहचान भी तुरंत करेगी

Published: Wed, 11 Nov 2026 12:45 PM (IST)

सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय ने दूध में मिलावट का पता लगाने के लिए एक रैपिड टेस्टिंग किट विकसित की है।

ये तस्वीर AI द्वारा जनरेट की गई है।

ये तस्वीर AI द्वारा जनरेट की गई है।

HighLights

  1. किट दूध में मिलावट का तुरंत पता लगाती है।

  2. सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय ने इसे विकसित किया।

  3. उपभोक्ता आसानी से दूध की शुद्धता जांच सकेंगे।

जागरण संवाददाता, मेरठ। दूध में मिलावट करने वाले तत्वों की पहचान अब चंद मिनटों में की जा सकेगी।

सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की ओर से सामान्यतः दूध में मिलाने वाले विभिन्न मिलावटकारी पदार्थों का पता लगाने के लिए रैपिड मिल्क एडल्टरेशन टेस्टिंग किट विकसित की गई है। इस किट के माध्यम से उपभोक्ता दूध की शुद्धता की जांच आसानी से कर सकेंगे।

विवि परिसर में स्थित कटाई उपरांत प्रौद्योगिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण महाविद्यालय के संकाय सदस्यों और विद्यार्थियों की संयुक्त टीम ने इस उपकरण को तैयार किया है। इसमें अरुंधति गणेश बांद्रे, सीताराम, मयंक चौधरी और अगिमा शामिल हैं।

परियोजना का नेतृत्व दुग्ध सूक्ष्मजीव विज्ञान के सह-प्राध्यापक डॉ. हर्ष पंवार ने किया। यह किट दूध में स्टार्च, न्यूट्रलाइजर, हाइड्रोजन पेरोक्साइड, अमोनियम यौगिक, फार्मेलिन, नमक और नाइट्रेट जैसे सामान्य मिलावटकारी पदार्थों का पता लगाने में सक्षम है। इसकी खासियत है कि यह तेज, उपयोग में आसान और रंग आधारित त्वरित पहचान की सुविधा प्रदान करती है।

विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित दो से चार नवंबर तक लगे किसान मेले के दौरान उत्तर प्रदेश शासन के कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. एमके शनमुग सुंदरम ने इस नवाचार का विमोचन किया था।

संबोधन में उन्होंने कहा था कि दूध की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और उपभोक्ताओं की सुरक्षा के दृष्टिगत इस तरह की त्वरित परीक्षण किट वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। कार्यक्रम में कुलपति डा. त्रिवेणी दत्त समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- महंगाई का झटका: Mother Dairy ने दिल्ली-NCR में बढ़ाए दूध के दाम, कीमतों में ₹4 तक का इजाफा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।