विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रणजी खिलाड़ी ने बनाया क्रिकेटर बनने का दबाव, नाराज बेटे ने पिता के घर में कराई 11 लाख की चोरी

Published: Mon, 16 Nov 2026 09:37 AM (IST)

पूर्व रणजी खिलाड़ी आशु शर्मा के बेटे ने पिता की डांट से नाराज होकर अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर घर में चोरी की योजना बनाई।

ये तस्वीर AI द्वारा जनरेट की गई है।

ये तस्वीर AI द्वारा जनरेट की गई है।

HighLights

  1. पिता की डांट से नाराज बेटे ने कराई घर में चोरी।

  2. पुलिस ने तीन घंटे में सुलझाया मामला, बेटे समेत तीन गिरफ्तार।

  3. चोरी हुए 11 लाख नकद और सोने के जेवरात बरामद।

जागरण संवाददाता, मेरठ। पूर्व रणजी खिलाड़ी आशु शर्मा अपने 14 वर्षीय बेटे को भी क्रिकेटर बनाना चाहते थे। बेटे की अरुचि पर उन्होंने उसे डांटा और संपत्ति से बेदखल करने की धमकी दी।

नाराज बेटे ने पिता को सबक सिखाने के लिए दो दोस्तों के साथ घर में चोरी की योजना बनाई। रविवार को हुई यह घटना घर के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने तीन घंटे में मामला सुलझाकर बेटे और उसके दो दोस्तों को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, दोनों दोस्त शास्त्रीनगर में चाट का ठेला लगाते हैं।

शास्त्रीनगर सेक्टर-13 निवासी आशु शर्मा रेलवे में खेल कोटे से भर्ती कर्मचारी हैं और हापुड़ रेलवे स्टेशन पर तैनात हैं। रविवार दोपहर 12.40 बजे वह पत्नी रीमा और बेटी के साथ स्कूटी से हापुड़ रोड पर सामान खरीदने गए थे। बेटा दूसरी मंजिल पर सो रहा था। आशु ने घर के मुख्य दरवाजे पर बाहर से ताला लगाया था।

कुछ देर बाद बेटे ने फोन कर बताया कि कमरे का सामान बिखरा है और अलमारी खुली हुई है। आशु लौटे तो घर का ताला खुला मिला। उन्होंने पुलिस को बताया कि सेफ में रखे 11 लाख रुपये नकद, दस तोले सोने के आभूषण, चांदी की एक ईंट, आर्टिफिशियल ज्वेलरी और अन्य कीमती सामान गायब थे।

नौचंदी थाना पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज देखे। उसमें हुड्डी और मास्क पहने दो युवक पैदल आते, कुछ देर घूमते और घर का ताला खोलकर अंदर जाते दिखे। करीब आधे घंटे बाद वे सामान लेकर निकल गए। बेटे के बयान और चाबी से ताला खुलने पर पुलिस को मामला संदिग्ध लगा। दोनों युवकों के रास्ते की फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया।

पुलिस के मुताबिक, दोनों ने बताया कि आशु के बेटे ने उन्हें घर की चाबी दी थी। उनकी मुलाकात उससे जिम में हुई थी। दोस्तों के पास से चार लाख रुपये और सोने-चांदी के जेवरात बरामद हुए।

बेटे के पास छिपाए गए सात लाख रुपये भी मिले। एसपी सिटी विनायक भोसले ने बताया कि चोरी का सारा नकद और जेवरात बरामद कर लिए गए हैं। पिता की डांट से नाराज होकर बेटे ने साथियों के साथ योजना बनाई थी।

यह भी पढ़ें- मथुरा: आयकर विभाग ने 3 दिनों की छापामारी में पकड़ी बड़ी चोरी, शंंकर सेठ के नाम पर सैकड़ों करोड़ का निवेश

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।