'दाढ़ी और मूंछ के गठबंधन से क्लीन शेव वालों को हो रही है टेंशन': मेरठ रैली में बोले असदुद्दीन ओवैसी
असदुद्दीन ओवैसी ने मेरठ रैली में सपा, कांग्रेस और भाजपा पर जमकर हमला बोला, अखिलेश यादव पर अयोध्या मंदिर और पुलिस एनकाउंटर को लेकर निशाना साधा।
-1794679208060_m.webp)
मेरठ में आयोजित रैली में मंच पर आल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी और भीम आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रतन सिंह हाथ उठाकर अभिवादन करते हुए
HighLights
ओवैसी ने सपा, कांग्रेस, भाजपा पर मेरठ रैली में हमला बोला।
चंद्रशेखर आजाद को सामाजिक परिवर्तन मोर्चा का मुख्यमंत्री चेहरा घोषित किया।
पुलिस एनकाउंटर, दंगों, मंदिर मुद्दे पर विरोधियों को घेरा।
जागरण संवाददाता, मेरठ। ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन के अध्यक्ष सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की पहली रैली में सपा, कांग्रेस और भाजपा पर जमकर प्रहार किए। आजाद समाज पार्टी से गठबंधन को लेकर कहा कि दाढ़ी और मूंछ के बीच गठबंधन हुआ है, जिससे क्लीन शेव और क्लीन हेड वालों को टेंशन हो गई है।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दिसंबर में श्रीरामलला मंदिर अयोध्या जाने की बात कही है, उस पर ओवैसी ने कहा कि अखिलेश वहां जा रहे हैं, जहां हमारे पूर्वज 400 साल सजदा करते रहे। तंज कसते हुए पीडीए का मतलब भी समझाया और कहा, पलट दिया अखिलेश।
शनिवार की रात नौचंदी मैदान में हुई रैली में ओवैसी के संबोधन में पुलिस एनकाउंटर को लेकर सपा और भाजपा दोनों निशाने पर रहीं। ओवैसी ने कहा कि वर्ष 2017 से 2024 तक 233 लोग एनकाउंटर में मारे गए, इनमें से 70 प्रतिशत मुस्लिम थे। संभल समेत तमाम जिलों में एनकाउंटर में मरने वाले मुस्लिम लोगों के नाम भी पढ़े और कहा कि सपा, कांग्रेस के मुस्लिम नेताओं में इतनी भी हिम्मत नहीं है कि किसी मंच से इनके नाम ले सकें। वहीं, सहारनपुर से लेकर अन्य जिलों में मस्जिद और मदरसों पर हुई ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को लेकर पर वह भाजपा को घेरते रहे।
ओवैसी ने वर्ष 1987 में मेरठ के हाशिमपुुरा व मलियाना के दंगे को लेकर कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया।कहा कि हाशिमपुरा के 42 और मलियाना के 72 मुस्लिमों को कांग्रेस के ही शासन में मारा गया, इन घटनाओं को मुस्लिम कभी भूल नहीं सकते हैं।
वहीं, 2013 के मुजफ्फरनगर दंगे को लेकर कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार थी, तब 50 हजार मुस्लिम बेघर हो गए, महिलाओं से दरिंदगी हुई, लेकिन सपा का एक भी मुस्लिम विधायक इनको न्याय नहीं दिला सका और न मदद की गई। बल्कि अखिलेश यादव सैफई में नाच देखते रहे थे।
कयामत तक कोई मुस्लिम मुख्यमंत्री नहीं बन सकेगा वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान को लेकर ओवैसी ने कहा कि चलो, बाबा ने यह तो मान लिया कयामत आएगी। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के बयान पर कहा कि आप अस्पताल में अपने हाथ का इलाज कराइए, हम कमजोर और मरीज से मुकाबला नहीं करते हैं।
वह यहीं नहीं रुके और कहा कि नेत्याहू, डोनाल्ड ट्रंप और बिन जायद से गले मिलने वाले से भी पूछ लीजिए कि वह तीनों लोग क्या खाते हैं। उन्होंने कहा कि हमारी डोर तो अल्लाह के हाथ हैं, लेकिन अखिलेश की डोर भाजपा के हाथ में है।
ओवैसी ने कहा कि हम भाजपा को हराना चाहते हैं, योगी को सीएम बनने से रोकना चाहते हैं। सामाजिक परिवर्तन मोर्चा पीड़ितों को इंसाफ दिलाने, युवाओं को रोजगार, महंगाई पर अंकुश लगाने, किसानों का कर्ज माफ कराने और उचित गन्ना मूल्य दिलाने के लिए कार्य करेगा।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ही मोर्चा की ओर से मुख्यमंत्री का चेहरा हैं। मोर्चा की सरकार बनने पर रूल बाय गन नहीं, रूल बाय ला चलेगा। चुटकी लेकर कहा कि सपा-कांग्रेस नेता भी हवा का रुख समझ लें और मोर्चा के साथ आ जाएं, क्योंकि दलित-मुस्लिम 40 प्रतिशत हैं और सरकार बदलने का दाम रखते हैं।
इस दौरान उन्होंने किठौर विधायक शाहिद मंजूर और शहर विधायक रफीक अंसारी पर भी तंज कसे और कहा कि मुस्लिमों पर अत्याचार के खिलाफ ये नहीं बोल सकते हैं, लेकिन लखनऊ से अखिलेश इनको चुप करा देते है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पर 16 नवंबर से चलेंगी 8 अतिरिक्त 'नमो भारत' ट्रेनें, 50 मिनट से कम समय में पूरा होगा सफर
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।