विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पर 16 नवंबर से चलेंगी 8 अतिरिक्त 'नमो भारत' ट्रेनें, 50 मिनट से कम समय में पूरा होगा सफर

Published: Sat, 14 Nov 2026 07:35 PM (IST)

दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पर 16 नवंबर से आठ अतिरिक्त नमो भारत ट्रेनें चलेंगी। ये ट्रेनें केवल आठ मिनट में आनंद विहार से गाजियाबाद का सफर तय करेंगी।

दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पर नमो भारत ट्रेन। फोटो-जागरण आर्काइव

दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पर नमो भारत ट्रेन। फोटो-जागरण आर्काइव

HighLights

  1. 16 नवंबर से आठ अतिरिक्त नमो भारत ट्रेनें शुरू होंगी।

  2. आनंद विहार से गाजियाबाद का सफर आठ मिनट में होगा।

  3. ये ट्रेनें व्यस्त समय में केवल पांच स्टेशनों पर रुकेंगी।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। नमो भारत ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पर 16 नवंबर से आठ अतिरिक्त नमो भारत ट्रेन सेवाएं शुरू होने जा रही हैं। ये ट्रेनें सुबह और शाम के व्यस्त समय में चलेंगी और चुनिंदा स्टेशनों पर ही रुकेंगी। इससे आनंद विहार से गाजियाबाद के बीच का सफर महज आठ मिनट में पूरा हो सकेगा।

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) के मुताबिक, इन सीमित ठहराव वाली ट्रेनों से आनंद विहार से बेगमपुल तक की दूरी 36 मिनट और गाजियाबाद से बेगमपुल तक का सफर 28 मिनट में पूरा किया जा सकेगा। वहीं, पूरे दिल्ली-मेरठ कारिडोर को 50 मिनट से भी कम समय में पार किया जा सकेगा।

पांच स्टेशनों पर ही होगा ठहराव

तेज नमो भारत ट्रेनें केवल पांच स्टेशनों- सराय काले खां, आनंद विहार, गाजियाबाद, बेगमपुल और मोदीनगर पर रुकेंगी। इसका मकसद खासतौर पर नौकरीपेशा लोगों और विद्यार्थियों को व्यस्त समय में कम समय में गंतव्य तक पहुंचाना है।

सुबह के समय सराय काले खां और मोदीनगर दोनों टर्मिनल स्टेशनों से सुबह आठ और साढ़े आठ बजे दोनों दिशाओं में ट्रेनें चलेंगी। इसी तरह शाम को छह और साढ़े छह बजे अतिरिक्त सेवाएं उपलब्ध होंगी।

10 मिनट पर मिलती रहेंगी नियमित ट्रेनें

एनसीआरटीसी के अनुसार, आठ अतिरिक्त तेज ट्रेनें चलने के बावजूद नियमित नमो भारत सेवाओं के संचालन पर असर नहीं पड़ेगा। सामान्य ट्रेनें पहले की तरह 10 मिनट के अंतराल पर चलती रहेंगी। यात्रियों को प्लेटफार्म पर डिस्प्ले बोर्ड और उद्घोषणा के जरिये तेज और नियमित ट्रेनों की जानकारी दी जाएगी, ताकि वे सही ट्रेन में सवार हो सकें।

रोजाना 1.1 लाख यात्री कर रहे सफर

एनसीआरटीसी का कहना है कि अतिरिक्त सेवाओं से सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलेगा। इससे सड़कों पर वाहनों का दबाव और क्षेत्र में बढ़ते वायु प्रदूषण को कम करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- छठ पूजा पर नोएडा-दिल्ली सफर करने वाले ध्यान दें, 15-16 नवंबर को रहेगा भारी ट्रैफिक डायवर्जन; कई रास्ते बंद

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।