'मस्जिद पर बुलडोजर चले तो सामने नहीं आते अखिलेश', दलित-मुस्लिम गठजोड़ के सहारे सियासी जमीन मजबूत करने मेरठ पहुंचे ओवैसी
एआईएमआईएम और आजाद समाज पार्टी के गठबंधन के बाद असदुद्दीन ओवैसी ने मेरठ में पहली जनसभा की। उन्होंने पश्चिमी यूपी ...और पढ़ें

रैली में मंच पर आल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी और भीम आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रतन सिंह हाथ उठाकर अभिवादन करते हुए। जागरण
HighLights
ओवैसी ने मेरठ में दलित-मुस्लिम गठबंधन की पहली जनसभा की।
पश्चिमी यूपी में दलित-मुस्लिम समीकरण साधने का प्रयास किया।
सपा, कांग्रेस, भाजपा सरकारों की नीतियों पर जमकर हमला बोला।
जागरण संवाददाता, मेरठ। एआईएमआईएम और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के गठबंधन के बाद एआईएमआईएम के नेतृत्व में पहली जनसभा पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीतिक राजधानी मेरठ में हुई। पश्चिम की 71 सीटों पर दलित-मुस्लिम समीकरण साधने पहुंचे एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने सभा के जरिए नए राजनीतिक ध्रुवीकरण की सुगबुगाहट तेज कर दी।
ओवैसी ने प्रदेश में 20 प्रतिशत मुस्लिम और 20 प्रतिशत दलित होने की बात कहते हुए मंच से यह स्पष्ट किया कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा इसी समीकरण के सहारे सत्ता की चाबी पाने की कोशिश करेगा। उन्होंने गठबंधन को केवल दो राजनीतिक दलों का मेल नहीं बल्कि दो दिलों का मिलन बताया। मोर्चा प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगा। नफरत के बजाय मोहब्बत की बुनियाद पर सरकार बनाने और चंद्रशेखर को उत्तर प्रदेश का नया मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प भी जताया।
एआईएमआईएम और आजाद समाज पार्टी ने साझा किया मंच
मलियाना और हाशिमपुरा कांड का जिक्र कर ओवैसी ने कांग्रेस को घेरा। मुजफ्फरनगर दंगे की बात उठाकर उन्होंने सपा पर निशाना साधा। सड़क पर नमाज पढ़ने के मामले में चंद्रशेखर के साथ खड़े होने का उल्लेख करते हुए उन्होंने यह संदेश देने की कोशिश की कि मुस्लिमों के हक की लड़ाई में कौन उनके साथ है।
मस्जिदों और मदरसों पर बुलडोजर चलने पर सामने नहीं आते अखिलेश
ओवैसी ने कहा कि मस्जिदों और मदरसों पर बुलडोजर चलने पर अखिलेश सामने नहीं आते। मस्जिदों और मदरसों पर बुलडोजर चलाने और एनकाउंटर के मामलों को लेकर ओवैसी ने योगी सरकार पर भी निशाना साधा और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। महंगाई और बेरोजगारी का मुद्दा उठाकर योगी-मोदी सरकार को घेरने के साथ जनसभा में मौजूद युवाओं को साधने की कोशिश की।
गन्ने का उचित मूल्य देने की मांग की
औवेसी ने सामाजिक परिवर्तन की बात करते हुए उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों को गन्ने का उचित मूल्य देने की मांग की। हाईकोर्ट बेंच के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि कोल्हापुर में छह जिले हैं और वहां बेंच मिल जाती है, लेकिन पश्चिमी उत्तर प्रदेश में नहीं मिली।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।