पढ़ाई के लिए मिलेगी सरकारी मदद, राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए तुरंत आवेदन करें छात्र
National Means cum Merit Scholarship: राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना परीक्षा 2027-28 के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू कर दिए हैं। इसकी परीक्षा 1 नवंबर को होगी।

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
राष्ट्रीय आय योग्यता छात्रवृत्ति 2027-28 के लिए आवेदन शुरू।
आवेदन की अंतिम तिथि 16 सितंबर, परीक्षा 1 नवंबर को।
जागरण संवाददाता, मेरठ। National Means cum Merit Scholarship (NMMS): मंडलीय मनोविज्ञान केंद्र की ओर से राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना परीक्षा 2027-28 के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मंडलीय मनोविज्ञान केंद्र के प्रवक्ता डा. शिवराज सिंह ने बताया कि यह परीक्षा आगामी एक नवंबर को निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर होगी।
ऑनलाइन आवेदन 18 अगस्त से आरंभ हो चुके हैं। इसकी अंतिम तिथि 16 सितंबर है। डाक या अन्य किसी माध्यम से आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि शैक्षिक सत्र 2025-26 में कक्षा सात की परीक्षा न्यूनतम 55 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण करने वाले, सत्र 2026-27 में राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, स्थानीय निकाय (परिषदीय) के विद्यालय में कक्षा आठवीं में अध्ययनरत विद्यार्थी इस योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं।
अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के लिए पांच प्रतिशत अंकों की छूट है। आवेदन करने वाले के अभिभावक की आय सभी स्रोतों से तीन लाख 50 हजार रुपये सालाना से अधिक नहीं होनी चाहिए। जवाहर नवोदय विद्यालय, केंद्रीय विद्यालय, सैनिक स्कूल, राजकीय आवासीय एवं निजी विद्यालयों के विद्यार्थी इस परीक्षा में शामिल होने के लिए अर्ह नहीं हैं।
यह भी पढ़ें- यूपी में फ्री स्कूटी के साथ छात्राओं को चार लीटर पेट्रोल भी मिलेगा मुफ्त, इस योजना का कैसे उठाएं लाभ?
बताया कि अभ्यर्थी को तहसीलदार या सक्षम अधिकारी द्वारा निर्गत आय प्रमाणपत्र अपलोड करना अनिवार्य है। अनुसूचित जाति, जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, दिव्यांगजन श्रेणी तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित अभ्यर्थियों को आरक्षण संबंधी प्रमाणपत्र भी अपलोड करना होगा। आरक्षण प्रमाण पत्र अपलोड न करने पर अभ्यर्थी को सामान्य श्रेणी में माना जाएगा।
वेब साइट पर उपलब्ध है विस्तृत जानकारी
राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी www.entdata.co.in पर उपलब्ध है।
यह भी पढ़ें- रक्षाबंधन पर यात्रियों को तोहफा: Namo Bharat के फेरे बढ़ेंगे, हर 8 मिनट में मिलेगी ट्रेन
