मेरठ के 4 गांवों की जमीन में बनेगी UP की पहली TOD टाउनशिप, दो महीने में तैयार होगा इसका लेआउट; नए साल पर शुभारंभ की आस
Meerut News: मेरठ में दिल्ली रोड किनारे मोहिउद्दीनपुर समेत चार गांवों में प्रदेश की पहली टीओडी टाउनशिप 294 हेक्टेयर में ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
31 सेक्टरों में फेस-वन व फेस-टू में विकसित होगी टाउनशिप।
रेरा से पंजीकरण कराने में लगेंगे लगभग डेढ़-दो महीने।
जागरण संवाददाता, मेरठ। प्रदेश की पहली टीओडी टाउनशिप दिल्ली रोड किनारे मोहिउद्दीनपुर समेत चार गांवों की जमीन खरीदकर 294 हेक्टेयर में विकसित की जानी है। इसका लेआउट तैयार करने के लिए आइक्यूटी इंडिया प्रा. लिमिटेड का चयन किया गया है। संबंधित कंपनी दो महीने में लेआउट तैयार करेगी।
वैसे तो कंपनी को 90 दिन का समय दिया गया है लेकिन मेडा का प्रयास दो महीने के अंदर तैयार कराने का है। यदि दो महीने में लेआउट तैयार हो जाएगा तब लगभग डेढ़-दो महीने रेरा का पंजीकरण कराने में लगेंगे। बोर्ड बैठक व शासन की स्वीकृति में 15-20 दिन लग जाएंगे। ऐसे में अब नए साल या फिर विधानसभा चुनाव की आचार संहिता से लगने से पूर्व इसकी लांचिंग हो सकेगी।
न्यूटाउनशिप के लेआउट को स्वीकृति मिलने के बाद उसके आधार पर प्लाटिंग शुरू होगी। सड़क, पार्क आदि का विकास शुरू होगा। मेडा के उपाध्यक्ष संजय कुमार मीना ने बताया कि समझौते के तहत कंपनी को 90 दिन का समय दिया गया है लेकिन दो महीने के अंदर लेआउट तैयार होने की उम्मीद है। इस स्थिति में दीपावली या फिर नए साल तक लाॅचिंग की जा सकती है।
अधिग्रहण के लिए हो रहा है सामाजिक प्रभाव आकलन
न्यू टाउनशिप के लिए किसानों ने जब सहमति के आधार पर भूमि देने से मना कर दिया तब मेडा ने भूमि अधिग्रहण कानून के तहत जमीन की खरीदने की योजना बनाई। उसी के तहत सामाजिक प्रभाव आकलन (एसआइए) किया जा रहा है। शासन की ओर से इसके लिए नोएडा स्थित गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय को नामित किया गया है।
इसके लिए 157 हेक्टेयर भूमि खरीदी जा चुकी है। 12 हेक्टेयर भूमि सरकारी है, जो जल्द ही मेडा को हस्तांतरित कर दी जाएगी। लगभग 130 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहण कानून के तहत खरीदी जाएगी।
