Namo Bharat के फेरे बढ़ेंगे, हर 8 मिनट में मिलेगी ट्रेन; रक्षाबंधन पर यात्रियों को तोहफा
एनसीआरटीसी रक्षाबंधन के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर ट्रेन के अतिरिक्त फेरे चलाएगा। नमो भारत ट्रेनें हर 8 मिनट में उपलब्ध होंगी।

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
यह सुविधा सराय काले खां से मोदीपुरम स्टेशन के बीच रहेगी।
रक्षाबंधन पर यात्रियों की यात्रा होगी सुगम और आरामदायक।
जागरण संवाददाता, मेरठ। रक्षाबंधन के दौरान यात्रा को सुगम तथा आरामदायक बनाने के लिए एनसीआरटीसी 27 और 28 अगस्त को दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर एक दिन में 47 अतिरिक्त नमो भारत ट्रेन ट्रिप्स बढ़ाएगी।
दोनों दिन नमो भारत ट्रेनें हर 8 मिनट में उपलब्ध होंगी। ये अतिरिक्त ट्रिप्स त्योहार के दौरान यात्रियों की संख्या में होने वाली बढ़ोतरी को ध्यान में रखते हुए चलाई जा रही हैं।
यह सुविधा पूरे कॉरिडोर यानी सराय काले खां से मोदीपुरम स्टेशन के बीच रहेगी। रक्षाबंधन पर अपने भाइयों को राखी बांधने जा रही महिलाओं को इन अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप्स से विशेषकर लाभ होगा। साथ ही अपने परिवार के साथ त्योहार मनाने और परिजन से मिलने जा रहे लोगों के लिए भी यह सुविधा प्रदान करेगी। 28 अगस्त को शुक्रवार होने के कारण कई लोगों को लंबे वीकेंड का आनंद लेने का भी अच्छा मौका मिलेगा।
अक्सर ऐसे त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने परिवारों और रिश्तेदारों से मिलने के लिए यात्रा करते हैं, जिससे सड़कों पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इन अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप्स से प्रतीक्षा समय कम होगा, सीट की उपलब्धता बढ़ेगी और उनका समग्र यात्रा अनुभव बेहतर होगा।
त्योहार के दौरान यात्रियों की मांग को देखते हुए आवश्यकता पड़ने पर एनसीआरटीसी द्वारा ट्रेन की फ्रीक्वेंसी और भी बढ़ाई जा सकती है।
रक्षा बंधन पर 35 सौ पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा व्यवस्था : डीआइजी
मेरठ : डीआइजी कलानिधि नैथानी ने सोमवार को रक्षा बंधन पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। कहा कि रेंज रक्षा बंधन पर सुरक्षा में 80 निरीक्षक, 600 दारोगा, 1005 मुख्य आरक्षी, 1360 आरक्षी, 380 होमगार्ड, व पीआरडी जवान व एक कंपनी पीएसी ड्यूटी पर लगाई गई है। 83 एंटी रोमियो स्कवाड भी गश्त करेंगे। मेरठ में 32, बुलंदशहर में 28, बागपत में 12 व हापुड़ में 11 स्कवाड तैनात किए गए।
उन्होंने कहा कि चैन स्नेचिंग करने वालों की धरपकड़ की जाए। रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन पर सतर्कता बरती जाए। सार्वजनिक स्थान, बाजार, माल, पार्क व भीड़ भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की जाए। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों पर पुलिस पिकेट तैनात की जाए। थाना प्रभारी किसी भी सूचना पर गंभीरता से काम करें। अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
