विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वोटर लिस्ट में कटे नाम जुड़वाने का सुनहरा मौका, 17 नवंबर से शुरू हो रहा विशेष अभियान

Published: Mon, 16 Nov 2026 09:31 AM (IST)

मेरठ में 17 नवंबर से मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान शुरू होगा, जिससे छूटे हुए पात्र मतदाताओं को नाम शामिल करने का मौका मिलेगा।

प्रतीकात्मक तस्वीर।

प्रतीकात्मक तस्वीर।

HighLights

  1. 17 नवंबर से मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान शुरू होगा।

  2. पात्र मतदाता अपना नाम सूची में शामिल करा सकेंगे।

  3. बीएलओ, शिक्षक और कंट्रोल रूम सहायता करेंगे।

जागरण संवाददाता, मेरठ। विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची के एसआइआर में बड़ी संख्या में कटे मतदाताओं के नामों को लेकर मचे हंगामे के बीच विधानसभा चुनाव से ठीक पहले एक बार फिर से मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान 17 नवंबर से शुरू होगा।

जिसमें सभी छूटे और पात्र मतदाताओं को अपना नाम शामिल कराने का फिर से मौका मिलेगा। ड्राफ्ट मतदाता सूची को 17 नवंबर को प्रकाशित करके उसपर दावे और आपत्तियां मांगी जाएंगी।

विशेष तिथियों में बीएलओ बूथों पर उपलब्ध रहेंगे, जबकि प्रत्येक कार्यदिवस में प्रत्येक मतदान केंद्र पर इस बार पदाभिहीत अधिकारी के रूप में एक शिक्षक मिलेंगे। जो कि मतदाताओं को मतदाता सूची दिखाएंगे तथा आवश्यक आवेदन फार्म भी उपलब्ध कराकर उन्हें भरवाएंगे।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी एडीएम प्रशासन विजय वर्धन तोमर ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के लिए मतदाता सूची रविवार को ही प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के ईआरओ (निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी) को उपलब्ध करा दी गई हैं।

उनके माध्यम से यह प्रत्येक बूथ पर बीएलओ तक पहुंच जाएंगी।17 नवंबर को बीएलओ मतदाता सूची और आवश्यक फार्म के साथ बूथों पर मिलेंगे। विशेष दिवसों पर शिविर आयोजित होंगे जिनमें बीएलओ बूथों पर मौजूद मिलेंगे।

अन्य तिथियों में वे अपने निर्धारित क्षेत्र में भ्रमणशील रहेंगे जबकि उनकी अनुपस्थिति में प्रत्येक मदतान केंद्र पर एक पदाभिहीत अधिकारी के रूप में शिक्षक मतदाताओं को मिलेगा। वह मतदाता सूची दिखाएगा, आवश्यक फार्म उपलब्ध कराएगा तथा फार्म भरवाकर वापस जमा भी करेगा।

उन्होंने बताया कि 17 नवंबर को जिला निर्वाचन अधिकारी विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक करके ज्यादा से ज्यादा लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की अपील करेंगे।

बीएलओ को पंचायत चुनाव की मतदाता सूची उपलब्ध कराई गई हैं। जिनका वह विधानसभा की मतदाता सूची से मिलान करके ऐसे लोगों की तलाश करेंगे जिनके नाम पंचायत चुनाव की मतदाता सूची में हैं लेकिन विधानसभा की सूची में नहीं हैं। ऐसे लोगों के फार्म-6 भरवाए जाएंगे।

24 घंटे चलेगा कंट्रोल रूम, स्कूलों में बने क्लब

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाताओं की समस्याओं के समाधान के लिए जिलाधिकारी कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। जिसपर मतदाता टोल फ्री नंबर 1950 पर डायल करके 24 घंटे संपर्क कर सरते हैं। यहां शिकायतें रजिस्टर में दर्ज करके समाधान किया जाएगा।

वहीं स्कूल कालेजों में भी इलेक्ट्रोरल लिट्रेसी क्लब (ईएलसी) का गठन किया गया है। ये क्लब स्कूल कालेजों के 18 साल की आयु पूरे करने वाले छात्र छात्राओं का नए मतदाता के रूप में आनलाइन आवेदन कराएंगे। इनमें शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में मतदाता सूची से नाम कटने पर भाजपा की चिंता बढ़ी, पार्टी ने शुरू किया विशेष अभियान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।