विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रश्न पहर: मेरठ में साइबर क्राइम की रोकथाम के लिए पुलिस चलाएगी जागरूकता अभियान, SSP ने बताया एक्शन प्लान

Published: Sun, 15 Nov 2026 11:56 PM (GMT+05:30)

मेरठ पुलिस शहर में साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाएगी, जिसमें स्कूल, कॉलेज और पॉश कॉलोनियों को लक्षित किया जाएगा।

दैनिक जागरण कार्यालय मे प्रश्न पहर मे उत्तर देते एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति

दैनिक जागरण कार्यालय मे प्रश्न पहर मे उत्तर देते एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति

HighLights

  1. साइबर अपराध से बचाव हेतु पुलिस चलाएगी जागरूकता अभियान।

  2. शहर में यातायात जाम, अतिक्रमण हटाने पर भी ध्यान।

  3. एसएसपी ने जनता के सवालों का दिया सीधा जवाब।

जागरण संवाददाता, मेरठ। शहर की जनता को साइबर अपराध से बचने के लिए साइबर क्राइम थाना पुलिस अब जागरूकता अभियान चलाएगी। पुलिस शहर की पॉश कॉलोनियों, स्कूल, कॉलेज व अन्य संस्थानों में भी लोगों के जागरूक किया जाएगा। इसके साथ ही शहर के मुख्य मार्गों पर लग रहे जाम से निजात दिलाने के लिए नगर निगम संग मिलकर अतिक्रमण हटवाया जाएगा। ताकि आमजन को जाम से निजात मिल सकें।

यह बात एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने रविवार को आयोजित दैनिक जागरण के प्रश्न पहर में जनता द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब में कही। प्रस्तुत हैं लोगों के सवाल और एसएसपी के जवाब के मुख्य अंश...।

साइबर अपराध को रोकने के लिए पुलिस क्या कर रही है और आमजन इससे कैसे बचें।- अजय सेठी, कोशिश सामाजिक संगठन

साइबर अपराध से बचने के लिए साइबर क्राइम थाना पुलिस के द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अब थाना पुलिस संग मिलकर स्कूल, कालेज समेत पाश कालोनियों व अन्य संस्थानों में अभियान लोगों को जागरूक किया जाएगा।

थाना पुलिस ने तीन महीने से आम के पेड़ काटने की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। इस संबंध में वह सीओ से भी मिल चुके है। मनोज, कुशावली सरधना।

वह इस संबंध अभी सीओ सरधना से बात करेंगे और तत्काल आपके पास फोन आएगा। मामले की जांच कराकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।

कांच के पुल से फतेहउल्लापुर रोड तक दिनभर जाम लगा रहता है। बुलेट सवार तेज रफ्तार पटाखे छोड़ते हुए चलते है। समसुद्दीन, जाकिर कॉलोनी।

थाना पुलिस को भेजकर यातायात व्यवस्था बनवाई जाएगी। बुलेट से पटाखे की आवाज करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जीरो माइल से बीएसएनएल कार्यालय तक स्कूल टाइम में प्रतिदिन जाम लगा रहता है। इससे छुटकारा मिलने चाहिए। अंकित, वैशाली कॉलोनी गढ़ रोड।

इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था बनाने के लिए एसपी यातायात को निर्देश दिए जाएगे। इसके अलावा स्थानीय चौकी प्रभारी को भी अलर्ट किया जाएगा।

एक अपराधी को सरकारी गनर दिया गया है। जबकि उसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज है।- यशपाल सिंह, मसूरी थाना इंचौली।

इस मामले की जांच कराई जाएगी। अपराधी को गनर क्यों दिया गया है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।

शादी का सीजन शुरू हो रहा है। ऐसे में अब डीजे तेज आवाज में बजेंगे। इन पर रोक लगनी चाहिए।-अशोक कुमार गुप्ता, मलियाना।

तेज आवाज में और रात दस बजे के बाद जो भी डीजे बजाएगा। उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सूरजकुंड रोड पर दुकानदार सड़क पर अपने वाहन खड़े करते हैं। जिस कारण इस मार्ग से आने-जाने में परेशानी होती है। इन पर रोक लगनी चाहिए।- सुरेशचंद कर्णवाल, सूरजकुंड

वह खुद मौके पर पहुंचकर जांच करेंगे। इसके बाद एसपी यातायात व थाना पुलिस को व्यवस्था बनाने के लिए आदेश दिए जाएंगे।

बाग में सूखे पेड़ कटवाने पर थाना पुलिस पैसे मांगती है। वह नहीं देते तो ठेकेदार को पकड़कर थाने में बैठा लेती है। इससे किसानों को पेड़ के उचित दाम नहीं मिल पा रहे है।- कृष्णपाल चिकारा, खानपुर थाना जानी।

सीओ सरधना से इसकी जांच कराई जाएगी। इस तरह पैसा लेने वाले पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई होगी।

हापुड़ चुंगी पर प्रतिदिन दिनभर जाम लगा रहता है। चौकी पर थाना पुलिस व यातायात पुलिस बैठी रहती है।- मुन्ना, अल्लीपुर जिजमाना।

इंचौली के जिसौरा गांव में उनकी जमीन है। जिस पर कुछ लोगों ने कब्जा किया हुआ है। कई बार शिकायत के बाद भी थाना पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है।- मोहम्मद बिलाल, कस्बा मवाना।

सीओ सदर देहात से जाकर मिलों और अपने पूरे कागजात दिखाओ। इसके बाद भी कार्रवाई नहीं हुई तो उनके कार्यालय में आकर मिलों।

कंकरखेड़ा थाने में आठ वर्ष पहले एक मुकदमा दर्ज कराया था। अब तक थाना पुलिस ने कुछ कार्रवाई नहीं की है। जब वह थाने जाती है तो पुलिसकर्मी उनका मजाक उड़ाते है।- अमिता अग्रवाल, रोहटा रोड

इस संबंध में उनकी जो भी शिकायत है उसे लेकर वह सोमवार को उनके कार्यालय में आकर मिलें। मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।

डेढ़ वर्ष पहले मोबाइल चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोपित को दिखाने के बाद भी पुलिस ने नहीं पकड़ा।- प्रभास कुमार, एल ब्लॉक, लोहियानगर।

इस संबंध में वह थाना प्रभारी को कार्रवाई के आदेश देंगे। इसके बाद आरोपित को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।

गढ़ रोड पर दुकानों के सामने अतिक्रमण बढ़ रहा है। ऐसे दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।- रामानंद राणा, गढ़ रोड।

नगर निगम अधिकारियों से इस संबंध में बात कर अतिक्रमण हटवाया जाएगा। दोबारा अतिक्रमण करने वालों पर कार्रवाई होगी।

यह भी पढ़ें- मेरठ में दिनदहाड़े वारदात! रणजी खिलाड़ी आशु शर्मा के आवास से 25 लाख की नगदी व जेवर चोरी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।