मेरठ में दिनदहाड़े वारदात! रणजी खिलाड़ी आशु शर्मा के आवास से 25 लाख की नगदी व जेवर चोरी
मेरठ में रणजी खिलाड़ी आशु शर्मा के घर में दिनदहाड़े चोरी हो गई, जहां बदमाश 11 लाख नकद और 15 ...और पढ़ें

सेफ का ताला तोड़कर नगदी व जेवर चोरी की जानकारी देते आशु शर्मा। जागरण
HighLights
घर का ताला तोड़कर दो बदमाश चुरा ले गए 11 लाख की नगदी व लाखों के जेवर
पत्नी-बेटी संग बाजार से शापिंग को गए थे आशु, सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए चोर
जागरण संवाददाता, मेरठ। बेखौफ बदमाशों ने रविवार दोपहर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। शास्त्रीनगर सेक्टर-13 में चोरों ने रणजी खिलाड़ी आशु शर्मा के घर को निशाना बनाया। गेट का ताला तोड़कर वे घर में घुसे। सेफ व अन्य अलमारियों को तोड़कर दोनों बदमाशों ने 11 लाख रुपये की नगदी व 15 लाख से ज्यादा के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। वारदात के समय आशु शर्मा पत्नी व बेटी संग हापुड़ रोड पर शापिंग के लिए गए थे। एक बेटा मकान के द्वितीय तल पर सोया हुआ था। सूचना पर पहुंची नौचंदी थाना पुलिस घटना की जांच कर रही है। दिनदहाड़े हुई चोरी की वारदात से कालोनी में सनसनी फैल गई।
शास्त्रीनगर सेक्टर-13 में रणजी खिलाड़ी आशु शर्मा पुत्र विष्णु दत्त शर्मा का आवास है। वे रेलवे में स्टेशन मास्टर हैं तथा वर्तमान में हापुड़ रेलवे स्टेशन पर तैनात हैं। आशु शर्मा यहां पत्नी रीमा, बेटी निदा व बेटे समर संग रहते हैं। उन्होंने बताया कि रविवार दोपहर 12.40 बजे वे शापिंग के लिए पत्नी व बेटी संग स्कूटी से हापुड़ रोड पर गए थे। बेटा समर द्वितीय तल पर सोया हुआ था। उन्होंने घर के मेनगेट का बाहर से ताला लगा दिया था। आशु ने बताया कि कुछ देर बाद बेटे समर का फोन आया। उसने बताया कि वे तत्काल वापस आए तो मेनगेट का ताला टूटा हुआ मिला। वे अंदर गए तो कमरे में सारा सामान बिखरा पड़ा था। सेफ खुली पड़ी थी।
आशु ने बताया कि सेफ में रखे 11 लाख रुपये नगद, 10 तोले सोने के आभूषण, आर्टिफिशियल ज्वैलरी व अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया गया। उन्होंने बताया कि द्वितीय तल पर सो रहे बेटे समर की आंख खुली तो उसने नीचे आकर देखा तो चोरी का पता चला। चोरों ने जल्दबाजी में चोरी की, जिस कारण पूरे घर में कपड़े व सामान बिखरा पड़ा था। चोरी की सूचना पर आसपास के लोग एकत्र हो गए। पुलिस ने आसपास के घर की फुटेज चेक की तो इसमें दो हुड्डी पहने युवक पैदल आते दिखाई दिए।
चेहरे पर मास्क लगा रखा था। दोनों कुछ देर घूमते रहे, इसके बाद वे आशु शर्मा के घर के मेनगेट पर पहुंचे तथा ताला तोड़ा। घर में घुसकर उन्होंने चोरी की और फिर निकल गए। पुलिस फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान का प्रयास कर रही है। आशु शर्मा ने चोरी की तहरीर थाने पर दी है।