बेटा खोने का एक जैसा दर्द ... अमित की मां से मिलीं सौरभ की मां, बेटी को फांसी की सजा पर क्या बोलीं रविता की मां?
मेरठ के सौरभ और अमित हत्याकांड में आरोपितों को फांसी की सजा हो गई है। इसके बाद दोनों की माताओं ने मुलाकात की। दोनों ने एक-दूसरे का दुख बांटा।

अमित की मां मुनेश और सौरभ की मां रेनु (बाएं), इंसेट में अमित और सौरभ के फाइल फोटो।
HighLights
सौरभ की तरह अमित हत्याकांड में भी आरोपितों को फांसी की सजा।
कातिलों को फांसी की सजा मिलने से माताओं को मिला सुकून।
जागरण संवाददाता, मेरठ। सौरभ और अमित हत्याकांड में समानता है। दोनों में ही पत्नी ने अपने-अपने प्रेमी के साथ मिलकर पतियों की निर्मम हत्या कर दी।
दोनों युवकों के परिवार को उक्त वारदातें जिंदगी भर का दर्द देने वाली हैं। ऐसे में रविता और अमरदीप को फांसी की सजा होने के बाद सौरभ की मां ने अमित की मां से मुलाकात की। बेटों को खोने वाली दोनों मां इस दौरान बहुत भावुक हो गईं।
सौरभ का शव आरोपितों मुस्कान और साहिल ने नीले ड्रम में डाल दिया था। अमित की हत्या कर आरोपितों रविता और अमरदीप ने सांप से डसने का ड्रामा किया था। सौरभ की मां रेनू और भाई बबलू शुक्रवार को कचहरी परिसर पहुंचे। उस समय अमित हत्याकांड में रविता और अमरदीप को फांसी की सजा सुनाई गई थी।
रेनू ने अमित की मां मुनेश से मुलाकात कर उन्हें सहानुभूति दी। रेनू ने कहा कि सौरभ की तरह मुनेश के बेटे को भी उसकी पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर मौत के घाट उतार दिया। वह मुनेश का दुख बांटने के लिए कचहरी पहुंचीं। उन्होंने कहा कि मुनेश भी बेटे की हत्या से उनकी तरह तड़पी हैं, लेकिन दोनों मामलों में आरोपिताें को सजा मिलने से उन्हें सुकून मिला।
यह भी पढ़ें- अमित कश्यप हत्याकांड में पत्नी रविता और प्रेमी अमरदीप को फांसी की सजा
दोषी रविता की मां बोलीं...जो जैसा करेगा, वैसा भरेगा
तितावी (मुजफ्फरनगर)। सैदपुर निवासी रविता व उसके प्रेमी अमरदीप को कोर्ट ने फांसी की सजा सुनाई है। रविता की मां मुनेश देवी का कहना है कि जो जैसा करेगा, वैसा ही भरेगा।
रविता की शादी मेरठ जनपद के थाना बहसूमा के गांव अकबरपुर सादात निवासी अमित कश्यप के साथ हुई थी। रविता का अमरदीप के साथ प्रेम प्रसंग हो गया था। 12-13 अप्रैल 2025 की रात में गांव में अमित कश्यप की मौत हो गई थी।
जांच में गला घोंट कर हत्या करना आया था। लेकिन उसकी हत्या को सांप के काटने से हादसा होना दर्शाने का प्रयास किया गया था। शव के पास एक जिंदा सांप छोड़ दिया गया था। चूंकि रविता यहां क्षेत्र के गांव सैदपुर की रहने वाली है।
उसे व उसके प्रेमी को फांसी होने पर लोग चर्चा कर रहे हैं। उसकी मां मुनेश देवी का कहना है कि जो जैसा करेगा, वैसा ही भरेगा। रविता को उसकी सजा मिल गई। हमें उससे कुछ लेना-देना नहीं है। बताया कि पति जगमेर सहित परिवार के लोग कर्नाटक में कोल्हू में काम करने गए हैं।
