Meerut Metro-Namo Bharat चलने लगीं, लेकिन इस कारण से अभी शहर से बाहर शिफ्ट नहीं हुआ भैंसाली बस अड्डा
Meerut Metro Namo Bharat : मेरठ में नमो भारत और मेट्रो ट्रेन का संचालन शुरू हो चुका है, लेकिन भैंसाली ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
मेरठ में भैंसाली बस अड्डे का स्थानांतरण कार्य अभी लंबित।
भूड़बराल और मोदीपुरम में स्थापित होंगे भैंसाली बस अड्डे के दो हिस्से।
जागरण संवाददाता, मेरठ। शहर में दो महत्वपूर्ण कार्य एक साथ होने थे। पहला रोडवेज का भैंसाली बस अड्डा शहर के बाहर स्थानांतरित किया जाना था और दूसरा काम शहर में मेट्रो ट्रेन संचालन। मेट्रो ट्रेन के साथ साथ दिल्ली तक जाने वाली रैपिड ट्रेन नमो भारत का संचालन शुरू हो चुका है लेकिन शहर के बाहर बनने वाले दो बस अड्डों के लिए अभी तक जमीन के अधिग्रहण का कार्य पूरा नहीं हो सका है।
जमीन की व्यवस्था होने के बाद भी वहां बस अड्डों का निर्माण एनसीआरटीसी शुरू करेगी। प्रशासन का दावा है कि जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। होली के बाद जमीन मालिकों को भुगतान करके कब्जा लिया जाएगा.
मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के लिए रोडवेज के भैंसाली बस स्टेशन और वर्कशाप की भूमि एनसीआरटीसी को दी गई है। इसके बदले में वर्कशाप और बस अड्डे को शहर के बाहर स्थानांतरित करने की जिम्मेदारी एनसीआरटीसी को सौंपी गई थी।
मोदीपुरम में वर्कशाप तो स्थानांतरित की जा चुकी है लेकिन बस अड्डे के बाहर जाने की स्थिति अभी तक नहीं बन सकी है। भैंसाली बस स्टैंड को दो भागों में विभाजित करके भूड़बराल और मोदीपुरम में स्थापित किया जाना है।
जिसके लिए दोनों स्थानों पर कुल 39,930 वर्ग मीटर भूमि का अधिग्रहण किया जा रहा है। अधिग्रहण की यह प्रक्रिया अभी तक पूरी नहीं हो सकी है। जबकि मेट्रो ट्रेन और नमो भारत ट्रेन (Rapid Rail) का संचालन शुरू हो चुका है।
यह भी पढ़ें- क्या Namo Bharat और Meerut Metro में पालतू जानवर और लाइसेंसी हथियार के साथ यात्रा संभव है ?
ट्रेन चलने लगी, बस अड्डों के लिए जमीन नहीं मिली
भैंसाली बस अड्डे पर दिनभर में विभिन्न प्रदेशों और जनपदों से 400 से ज्यादा बसें पहुंचती है। ये बसें शहर में जाम का बड़ा कारण बनती हैं। इस कारण को समाप्त करने के लिए ही बस अड्डे को शहर के बाहर स्थानांतरित किया जाना था।
माना जा रहा था कि मेट्रो से पहले बस अड्डा शहर के बाहर पहुंच जाएगा लेकिन ऐसा हो ना सका। भूड बराल और मोदीपुरम में इनके लिए कुल 39,930 वर्ग मीटर जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है। एक साल से ज्यादा समय से यह प्रक्रिया चल रही है।
दावा किया जा रहा है कि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। वर्तमान में भूमि मालिकों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है। जिसके पूरा होते ही भूमि मालिकों के खातों में पैसा पहुंच जाएगा। दावा किया जा रहा है कि होली के बाद किसानों के खातों में भुगतान पहुंच जाएगा।
यह भी पढ़ें- Meerut Metro और Namo Bharat ट्रेन में मिलेगा मुफ्त यात्रा का अवसर, इसके लिए आपको करना होगा यह काम
इन्होंने कहा
मोदीपुरम बस अड्डे के लिए अधिग्रहण की गई जमीन में छोटे छोटे हिस्से बड़ी संख्या में थे। उनके मालिकों की तलाश करने में समय लगा। उसके बाद आपत्ति की प्रक्रिया में भी समय लगा। अब बस अड्डों की जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया लगभग पूरी कर ली गई है। भूमि मालिकों के दस्तावेजों का सत्यापन का काम भी लगभग हो गया है। होली के बाद भूमि मालिकों के खातों में मुआवजा राशि भेज दी जाएगी।
नवीन चंद्र, अपर जिलाधिकारी भूमि अध्याप्ति
