मेरठ केसरगंज मस्जिद विवाद: मौलवी और बेटे की गिरफ्तारी, गोली मारने की धमकी का आरोप
केसरगंज मंडी में मस्जिद निर्माण को लेकर हुए विवाद में मौलवी और उनके बेटे को गिरफ्तार किया गया।

केसरगंज स्थित विवादित मस्जिद। जागरण
HighLights
केसरगंज मंडी में मस्जिद निर्माण पर फिर हुआ हंगामा।
मौलवी और बेटे पर बदसलूकी, गोली मारने की धमकी का आरोप।
पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर बाद में जमानत मिली।
जागरण संवाददाता, मेरठ। केसरगंज मंडी में मस्जिद में हुए निर्माण को लेकर रविवार को फिर हंगामा हुआ। आरोप है कि मस्जिद पहुंचे हिंदू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष व व्यापारियों के साथ मौलाना व उनके बेटे ने बदसुलूकी की। रेलवे रोड थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच आरोपित पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया।
यह है पूरा मामला
तीन दिन पहले उक्त मस्जिद में निर्माण को लेकर हंगामा हुआ था। पुलिस ने निर्माण कार्य रुकवा दिया था। अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही ने बताया कि रविवार को कुछ मीडियाकर्मी यहां मस्जिद निर्माण को लेकर चल रहे विवाद की कवरेज करने आए थे। वह भी वहां पहुंच गए।
स्थानीय व्यापारी ईश्वर चंद कंसल व नरेंद्र गोयल समेत अन्य व्यापारी भी आ गए। आरोप है कि इस दौरान मस्जिद के मौलवी मोहम्मद कमर ने उनसे बदसुलूकी की। मौलाना के बेटे साद ने मौजूद लोगों को ईंट मारने की कोशिश की। पिता-पुत्र ने गोली मारने की भी धमकी दी।
व्यापारियों की सूचना पर रेलवे रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पिता-पुत्र को हिरासत में लिया। ईश्वर चंद कंसल ने आरोपित पिता-पुत्र के खिलाफ हत्या की धमकी व बदसूलूकी करने की तहरीर दी।
इसके बाद एआईएमआईएम के महानगर अध्यक्ष इमरान अंसारी, आसपा के शहर विधानसभा प्रभारी बदर अली, सपा नेता जीतू नागपाल समेत मुस्लिम समाज के लोग रेलवे रोड थाने पहुंचे और सचिन सिरोही व अनुराग पर मस्जिद में जूते पहनकर घुसने का आरोप लगाया।
इमरान अंसारी का कहना था कि मौलवी ने जूते पहनकर अंदर जाने से रोका तो उक्त लोगों ने उनसे बदसुलूकी की।
थाना प्रभारी विजय कुमार का कहना है कि मौलवी मोहम्मद कमर व उनके बेटे साद के खिलाफ शांतिभंग में मुकदमा दर्ज कर दोनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जमानत मिल गई।
यह भी पढ़ें- 'मस्जिद के सामने से न ले जाएं गणेशोत्सव जुलूस', पुलिस के निर्देश के बाद कर्नाटक में सियासत तेज
यह भी पढ़ें- भोजशाला के बाद अब धार की लाट मस्जिद पर नया विवाद, विजय मंदिर होने का दावा; 15 सितंबर को 'वराह मार्च' का एलान
