मेरठ इनर रिंग रोड निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण की तैयारी, दीपावली के बाद किसानों से जमीन खरीदेगा मेडा
मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) इनर रिंग रोड के 3.6 किमी हिस्से के लिए दीपावली के बाद गूमी और जुर्रानपुर गांवों से जमीन खरीदेगा।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
मेडा दीपावली के बाद गूमी जुर्रानपुर में जमीन खरीदेगा।
जिला क्रय समिति की बैठक जल्द होगी, भूमि अधिग्रहण के लिए।
भूमि अधिग्रहण पर 162 करोड़, सड़क निर्माण पर 68 करोड़।
जागरण संवाददाता, मेरठ। इनर रिंग रोड के महत्वपूर्ण हिस्से 5.7 किमी के निर्माण का खाका खींचा गया है। इसमें से 3.6 किमी लंबे हिस्से को बनाने की जिम्मेदारी मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) को दी गई है।
मेडा दो हिस्से में इसका निर्माण करेगा-पहला वेदव्यासपुरी से दिल्ली रोड तक और दूसरा शताब्दीनगर से जुर्रानपुर रेलवे लाइन के पास तक। मेडा दूसरे हिस्से के लिए जुर्रानपुर व गूमी गांव से जमीन की खरीद दीपावली के बाद करेगा।
हालांकि दीपावली से पहले ही जिलाधिकारी की अध्यक्षता वाली जिला दर निर्धारण एवं क्रय समिति की बैठक होगी। जमीन खरीदने के बाद मेडा उसे सड़क निर्माण के लिए पीडब्ल्यूडी को हस्तांतरित करेगा। इस हिस्से में पूठा के पास रेलवे लाइन पर सेतु निगम ओवरब्रिज बनाएगा।
वहीं जुर्रानपुर गांव में रेलवे लाइन पर अर्धनिर्मित ओवरब्रिज का निर्माण आवास विकास परिषद कराएगा। अपने हिस्से की जमीन खरीद पर मेडा 162 करोड़ रुपये खर्च करेगा। वहीं सड़क निर्माण पर पीडब्ल्यूडी 68 करोड़ रुपये खर्च करेगा।
गौरतलब है कि गूमी व जुर्रानपुर में जमीन का चिह्नाकंन व सर्वे किया जा चुका है। एलाइनमेंट में आने वाले खसरा से संबंधित किसानों से सहमति पत्र भी लिए गए थे। मेडा उपाध्यक्ष संजय कुमार मीना ने बताया कि क्रय समिति की बैठक के लिए फाइल तैयार की जा रही है।
