विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सावित्री सिनेमा फ्लाईओवर को डबल करने का काम शुरू, दिल्ली में आउटर रिंग रोड पर जाम से मिलेगी राहत

Published: Thu, 22 Oct 2026 08:45 AM (IST)

दिल्ली में सावित्री सिनेमा फ्लाईओवर को दोहरा करने का काम इस सप्ताह शुरू होगा, जिसे त्योहारों के कारण टाल दिया ...और पढ़ें

सावित्री सिनेमा फ्लाईओवर होंगे डबल। (AI जनरेटेड इमेज)

सावित्री सिनेमा फ्लाईओवर होंगे डबल। (AI जनरेटेड इमेज)

HighLights

  1. सावित्री सिनेमा फ्लाईओवर को दोहरा करने का काम शुरू।

  2. त्योहारों के कारण टला था निर्माण कार्य।

  3. आउटर रिंग रोड पर यातायात होगा सुगम।

जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली में आउटर रिंग रोड पर यातायात सुगम बनाने के लिए सावित्री सिनेमा फ्लाईओवर को दोहरा करने का काम इस सप्ताह शुरू हो सकता है। निर्माण कार्य के लिए फ्लाईओवर के नीचे बने यू-टर्न को बंद किया जाएगा।

नवरात्र और दुर्गापूजा के दौरान उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए निर्माण कार्य शुरू करने की योजना टाल दी गई थी।

पीडब्ल्यूडी ने बीते दिनों निर्माण कार्य शुरू करने की प्रक्रिया के तहत यू-टर्न बंद कर खोदाई का कार्य शुरू किया था, लेकिन त्योहार के दौरान यातायात प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए काम रोक दिया गया था।

वाहनों को फ्लाईओवर की सुविधा नहीं मिलती

दरअसल, सावित्री सिनेमा फ्लाईओवर का निर्माण वर्ष 2001 में एकल कैरिजवे के रूप में किया गया था। वर्तमान में नेहरू प्लेस से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) एयरपोर्ट की ओर जाने वाले वाहन चालक इसका इस्तेमाल करते हैं, लेकिन एयरपोर्ट की ओर से आने वाले वाहनों को फ्लाईओवर की सुविधा नहीं मिलती है। ऐसे में द्वारका और एयरपोर्ट की ओर से नेहरू प्लेस, गोविंदपुरी, आंबेडकर नगर और महरौली जाने वाले वाहनों को फ्लाईओवर के नीचे सड़क पर चलना पड़ता है।

इस वजह से सावित्री सिनेमा के पास अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है।फ्लाईओवर के आसपास सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण यहां वाहनों का दबाव बढ़ते ही सड़क संकरी पड़ जाती है।

इससे यातायात का प्रवाह बाधित होता है और कई किलोमीटर लंबा जाम लग जाता है। इस समस्या के समाधान के लिए मौजूदा फ्लाईओवर के समानांतर दूसरा फ्लाईओवर बनाया जाएगा।

त्योहार के कारण टला था काम

सावित्री सिनेमा फ्लाईओवर को दोहरा करने के लिए बीते दिनों निर्माण कार्य शुरू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई थी। इसके तहत फ्लाईओवर के नीचे बने यू-टर्न को बंद कर दिया गया था। हालांकि, नवरात्र और दुर्गापूजा के दौरान सीआर पार्क सहित आसपास के इलाकों में उमड़ने वाली भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए स्थानीय निवासियों ने निर्माण कार्य शुरू करने के समय पर आपत्ति जताई थी। इसके बाद त्योहार के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका के मद्देनजर काम टाल दिया गया।

यह भी पढ़ें- दिल्ली के बदरपुर-मीठापुर में 50 हजार लोगों को मिलेगी दूषित पानी से राहत, पाइपलाइन बदलने का काम शुरू