होमगार्ड भर्ती परीक्षा: इंजेक्शन लेकर दौड़ लगा रहे अभ्यर्थी, स्टेडियम में शौचालय से मिले रैपर और सिरिंज
होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा में अभ्यर्थियों द्वारा न्यूट्रीशनल सप्लीमेंट इंजेक्शन के प्रयोग की आशंका है।

शौचालय के समीप मिले इंजेक्शन और सिरिंज के रैपर
HighLights
होमगार्ड भर्ती में इंजेक्शन के प्रयोग की आशंका, रैपर मिले।
मेरठ स्टेडियम में शौचालयों के पास बढ़ी पुलिस चौकसी।
कई अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती हुए।
जागरण संवाददाता, मेरठ। होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा में कुछ अभ्यर्थियों द्वारा न्यूट्रीशनल सप्लीमेंट इंजेक्शन प्रयोग करने की आशंका है। कैलाश प्रकाश स्टेडियम के शौचालय के बाहर इंजेक्शन और सिरिंज के रैपर मिले हैं। इससे लगता है कि अभ्यर्थी चोरी-छिपे इनका प्रयोग कर रहे हैं।
पालीबायान इंजेक्शन का प्रयोग शरीर की ऊर्जा बढ़ाने के लिए किया जाता है। पुलिस ने भर्ती प्रक्रिया पूरी कराने के बाद शौचालय के पास से रैपर हटवाए, लेकिन काफी रैपर अभी भी वहां पड़े हैं।
पुलिस ने चौकसी बढ़ाई
एहतियातन शौचालयों के आसपास और स्टेडियम के बाहर पुलिस ने चौकसी बढ़ा दी है, ताकि अभ्यर्थियों पर नजर रखी जा सके। साथ ही सभी को चेतावनी दी जा रही है कि दौड़ के दौरान किसी प्रकार के इंजेक्शन टेबलेट आदि का प्रयोग न करें।
स्टेडियम के शौचालय के आसपास जांच के दौरान न्यूट्रीशनल सप्लीमेंट इंजेक्शन के रैपर और सिरिंज पड़ी मिलीं। इनमें सबसे ज्यादा पालीबायान इंजेक्शन के रैपर हैं। माना जा रहा है कि ऊर्जा बढ़ाने के लिए अभ्यर्थी इनका प्रयोग कर रहे हैं।
नोडल अफसर अवनीश कुमार ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया के बाद में भी स्टेडियम में पुलिस लगाई हुई है। भर्ती शुरू होने से पहले शौचालय और स्टेडियम के बाहर भी पुलिस निगरानी करेगी। स्टेडियम में डाक्टरों की टीम भी लगा दी है। चक्कर आने वाले अभ्यर्थियों को ओआरएस का घोल दिया जा रहा है।
10 अभ्यर्थियों की तबियत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती
होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा में मंगलवार को 11 अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ी थी। एक पूर्व सैनिक की मौत भी हो गई थी। बुधवार को भी नौ अभ्यर्थियों को तबीयत बिगड़ने पर लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया।
10 अन्य अभ्यर्थियों को चक्कर आने के बाद स्टेडियम में मौजूद डाक्टरों ने उपचार दिया। अभ्यर्थियों को दौड़ के बाद ओआरएस का घोल दिया गया। बुधवार को सभी अभ्यर्थियों के अभिभावक भी साथ आए हुए थे। उन्हें स्टेडियम के बाहर बैठा दिया गया था।
