मेरठ: होमगार्ड भर्ती के दौरान लगातार दूसरे दिन अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ी, नौ को मेडिकल काॅलेज में भर्ती कराया
मेरठ में होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा के दूसरे दिन नौ अभ्यर्थी बीमार पड़ गए, जिनमें से एक का ...और पढ़ें

कैलाश प्रकाश स्टेडियम में चल रही होमगार्ड भर्ती को लेकर हुई दौड़ में तबीयत बिगड़ने पर मेडिकल कालेज की इमरजेंसी में भर्ती अभ्यर्थी। जागरण
HighLights
तीन अभ्यर्थियों की हालत गंभीर, मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी।
अत्यधिक गर्मी के कारण भर्ती प्रक्रिया बीच में रोकनी पड़ी।
जागरण संवाददाता, मेरठ। होमगार्ड भर्ती में शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) के दूसरे दिन नौ अभ्यर्थियों की तबयत बिगड़ गई। सभी को एंबुलेंस के माध्यम से मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। इनमें से तीन की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य को उपचार के बाद घर भेज दिया गया। तीनों अभ्यर्थियों ने दौड़ पूरी की थी।
चक्कर आने के कारण दस अभ्यर्थियों को मौके पर डाक्टरों की टीम द्वारा उपचार दिया गया। सुबह दस बजे तक 600 अभ्यर्थी दौड़ लगा चुके थे। अत्यधिक गर्मी के कारण भर्ती प्रक्रिया को बीच में रोकना पड़ा।
प्रदेश में होमगार्ड्स के 41,424 पदों पर भर्ती के लिए मंगलवार से पीईटी शुरू हुई है। अभिलेखों के सत्यापन के बाद शारीरिक मानक परीक्षण (डीवी-पीएसटी) में चयनित करीब एक लाख अभ्यर्थी हिस्सा ले रहे हैं। कैलाश प्रकाश स्टेडियम में पहले दिन 1017 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। शारीरिक दक्षता परीक्षा में 4.8 किमी की दौड़ 28 मिनट में पूरा करना है।
दूसरे दिन बुधवार को 600 अभ्यर्थी ही सुबह दस बजे तक दौड़ लगा पाए। गर्मी अधिक होने की वजह से भर्ती प्रक्रिया को बीच में रोक दिया। 400 अभ्यर्थियों को गुरुवार की पाली में दौड़ने वाले अभ्यर्थियों के साथ दौड़ाया जाएगा। अंतिम पाली के समय दस बजे नौ अभ्यर्थी बेहोश होकर स्टेडिम में गिर गए। तत्काल ही एंबुलेंस में लेटाकर सभी अभ्यर्थियों को मेडिकल कालेज ले जाया गया।
अभ्यर्थी सुएब का घुटने से पैर ही टूट गया। मेडिकल से उपचार दिलाने के बाद स्वजन निजी अस्पताल में ले गए, जबकि अनिल कुमार, शहजाद, अमन राठी, अमित कुमार और धीरेंद्र चौहान को उपचार देकर घर भेज दिया। कपिल शर्मा निवासी वैशाली कालोनी हापुड़, अमित कुमार निवासी अंकित विहार मुजफ्फरनगर और अक्षय कुमार चंद्रलोक कालाेनी हापुड़ की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
यह भी पढ़ें- मेरठ में होमगार्ड भर्ती की दौड़ के दौरान बड़ा हादसा, शामली के अभ्यर्थी की मौत; 9 की हालत बिगड़ी
उन्हें उपचार दिलाया जा रहा है। अंकित और अमित दौड़ भी पूरी कर चुके है। हालांकि दस अभ्यर्थियों को चक्कर आने के बाद स्टेडियम में मौजूद डाक्टरों की टीम से उपचार दिलाया गया। बता दें कि मंगलवार को भर्ती प्रक्रिया के दौरान दौड़ लगाने पर बेहोश हुए शामली के अंकुज की मौत हो गई थी। 10 अन्य अभ्यर्थियों की भी हालत बिगड़ी थी। सचिन और तरुण की हालत में सुधार है। अभी भी दाेनों आइसीयू में भर्ती है।
इन्होंने कहा
होमगार्ड भर्ती को गर्मी के चलते दस बजे रोक दिया था। इसलिए 600 अभ्यर्थी ही दौड़ लगा पाए है। बेहोश हुए अभ्यर्थियों को मेडिकल भेजा था। सभी को उपचार दिला दिया गया। गुरुवार को सुबह चार बजे से भर्ती प्रक्रिया शुरू करा दी जाएगी। भर्ती के समय डाक्टरों की टीम और एंबुलेंस मौके पर मौजूद रही।
-अवनीश कुमार, एसपी क्राइम
