दीपावली की शाम पूर्व DGP के भाई के घर में चोरी, 50 हजार रुपये और चांदी के बर्तन उठा ले गए चोर
पूर्व डीजीपी एके जैन के भाई के मेरठ स्थित घर में दीपावली की शाम चोरी हुई, जिसमें 50 हजार रुपये और चांदी के बर्तन चुराए गए।

पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
HighLights
पूर्व डीजीपी के भाई के घर दीपावली पर चोरी।
50 हजार रुपये, चांदी के बर्तन और सिक्के चुराए।
पुलिस ने मुठभेड़ के बाद आरोपित को दबोचा।
जागरण संवाददाता, मेरठ। शांतिभंग के मामले में जमानत पाने के बाद आरोपित ने उत्तर प्रदेश के पूर्व डीजीपी एके जैन के भाई के घर में घुसकर 50 हजार रुपये, चांदी के बर्तन और सिक्के चोरी कर लिए।
पुलिस ने रात में ही पांच टीमें लगाकर आरोपित को पकड़ लिया। चोरी किए 50 हजार रुपये वह खर्च कर चुका था। पुलिस ने उसके कब्जे से तमंचा और चोरी का सामान बरामद किया।
डीआइजी आफिस के सामने सिविल लाइंस के हरनामदास रोड निवासी दवा कारोबारी अरुण कुमार जैन के बड़े भाई अरविंद कुमार जैन उत्तर प्रदेश के डीजीपी रह चुके हैं।
रविवार शाम 5.30 बजे दीपावली पर घर का ताला लगाकर अरुण जैन पत्नी आभा जैन, बेटे और पुत्रवधू के साथ साईंपुरम स्थित अपनी दवा कंपनी वर्धमान ड्रग्स प्रा. लि. में पूजा करने गए थे। वहां से वापसी में थापर नगर मंदिर में पूजा के बाद शाम 6:45 बजे घर पहुंचे तो ताले टूटे मिले और सामान बिखरा था। उन्होंने अरविंद कुमार जैन को सूचना दी।
इसके बाद लखनऊ और मेरठ में पुलिस अफसरों को जानकारी दी गई। एसपी क्राइम अवनीश कुमार पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। सिविल लाइंस थाना पुलिस भी पहुंच गई। अरुण जैन ने बताया कि उनकी मां के कमरे में पोती रहती है। कमरे में चांदी के बर्तन, सिक्के और करीब 50 हजार रुपये रखे थे।
आरोपित ने बच्ची के स्कूल बैग से किताबें निकालकर उसमें सामान-नकदी भरी और दीवार फांदकर फरार हो गया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस देर देर रात लोहियानगर पहुंची। बदमाश की पहचान काशीराम कालोनी निवासी सलाउद्दीन के रूप में हुई।
इसी बीच सलाउद्दीन को किला परीक्षितगढ़ रोड पर देख पुलिस ने उसकी घेराबंदी की। सलाउद्दीन ने पुलिस पर फायरिंग की। भागते समय गिरने से उसके हाथ में चोट लग गई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गौरतलब है कि रविवार को ही मेडिकल थाना पुलिस ने उसका शांतिभंग में चालान किया था। मजिस्ट्रेट से जमानत मिलने के बाद घर लौटते समय उसने चोरी कर ली।
यह भी पढ़ें- फरुखनगर के खेतों में बिजली की तार चोरी, किसानों ने पुलिस से कार्रवाई मांगी
पूर्व डीजीपी के भाई के घर चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपित को मुठभेड़ के बाद किला रोड से गिरफ्तार कर उससे चोरी का सामान बरामद किया। देर रात पुलिस की पांच टीमें जांच में जुटी रहीं। सीसीटीवी फुटेज के जरिए सिविल लाइंस से आरोपित का पीछा करते हुए पुलिस लोहिया नगर पहुंची। वहां फोटो दिखाकर उसकी पहचान की गई।
अवनीश कुमार, एसपी क्राइम
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।