मेरठ कॉलेज में पेड़-पौधों की 383 प्रजातियों का बहुमूल्य खजाना, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान
मेरठ कॉलेज परिसर में 383 पादप प्रजातियों का बहुमूल्य खजाना छिपा है, जिस पर हुए शोध को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।

मेरठ कॉलेज परिसर में लगा रूद्राक्ष का पेड़ और सजावटी पौधा फ्लास सिल्क ट्री। जागरण
HighLights
मेरठ कॉलेज में 383 पादप प्रजातियों का अनूठा संग्रह।
डॉ. अमित तोमर का शोध 'इंडियन फॉरेस्टर' में प्रकाशित।
कॉलेज परिसर जीवंत पादप संग्रहालय, जैव विविधता का महत्वपूर्ण केंद्र।
राजेंद्र शर्मा, मेरठ। मेरठ कॉलेज के विशाल परिसर में करीब 383 प्रजातियों का बहुमूल्य हरा खजाना छिपा हुआ है। त्वचा रोग, घाव एवं कीटाणुनाशक के लिए उपयोगी नीम, विटामिन सी और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में सहायक आंवला, बुखार और इम्युनिटी बढ़ाने में मददगार गिलोय यहां मौजूद है। वहीं, आम, जामुन, बेलपत्र, सहजन और एलोवेरा जैसे सैकड़ों की संख्या में फलदार, छायादार और औषधीय पौधे परिसर की जैव-विविधता को समृद्ध कर रहे हैं।
कॉलेज परिसर की हरियाली पर किए गए शोध ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बना ली है। कॉलेज के वनस्पति विज्ञान विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अमित तोमर ने यह शोध किया है। शोध में निष्कर्ष निकला है कि परिसर सिर्फ पढ़ाई का केंद्र नहीं, बल्कि 383 पादप प्रजातियों का जीवंत संग्रहालय भी है।
इस उपलब्धि ने कॉलेज का नाम शोध के मानचित्र पर और ऊंचा कर दिया है। डॉ. तोमर के शोध पत्र का प्रकाशन भारत की सबसे पुरानी और विश्व प्रसिद्ध वानिकी पत्रिका इंडियन फारेस्टर में प्रकाशित हुआ है। शोध पत्र का नाम है, द फ्लोरा आफ मेरठ कॉलेज कैंपस।
शोध में मेरठ कॉलेज परिसर में पाई जाने वाली 383 पादप प्रजातियों का वैज्ञानिक विवरण दर्ज किया गया है, जो 90 कुलों और 296 वंशों से संबंधित हैं। अध्ययन के अनुसार, कॉलेज परिसर में सर्वाधिक 32 प्रजातियां एस्टरेसी कुल की पाई गई हैं। शोध में पौधों की प्रकृति के साथ-साथ उनके फूलने और फलने के समय का भी गहन विश्लेषण किया गया है।
औषधीय प्रजातियों का विविध मिश्रिण
कॉलेज परिसर की वनस्पति में देशी, सजावटी और औषधीय प्रजातियों का विविध मिश्रण है, जिसमें सैकड़ों संवहनी पौधे शामिल हैं, जैसे कि पेड़, झाड़ियां, शाक और जड़ी-बूटियां, जो पारिस्थितिक और सौंदर्य मूल्य को बढ़ाते हैं। परिसर में पौधों की प्रजातियों की पहचान में द्विबीजपत्री पौधों की उच्च संख्या के साथ-साथ एकबीजपत्री पौधे, नग्नबीजी और कम संख्या में टेरिडोफाइट्स शामिल हैं।
परिसर में पाए जाने वाले प्रमुख वृक्ष
सामान्य प्रजातियों में आने वाले वृक्षों में नीम, एल्स्टोनिया, अशोक, आम, जामुन, गुलमोहर, शहतूत, आंवला, कचनार, बेलपत्र, सागवान, इमली व सीमल शामिल हैं। वहीं, परिसर में आमतौर पर छायादार वृक्ष जैसे अमलतास, ओक, सिरिस, अर्जुन, बकायन, मौलसिरी, पापड़ी, कनक चंपा, शीशम व लसोड़ा समेत अन्य हैं।
सजावटी, फलदार और औषधीय पौधे
सौंदर्यपूर्ण सजावटी पौधों में रेशमी वृक्ष, राजसी ताड़, मंदार, गुड़हल, डोम्बिया, बोतल ब्रश, पीलिया, चांदनी, कनेर, सफेद चंपा, पीली कनेर, कैलियांड्रा शामिल हैं। फलदार वृक्षों में लीची, अमरूद, लोकाट, आड़ू, अनार, कटहल, शरीफा व अंजीर शामिल हैं।
औषधीय पौधों में हरसिंगार, सहजन, रुद्राक्ष, महुआ, अश्वगंधा, शंखपुष्पी, काला बांसा, वासा, नींबू घास, घृतकुमारी, शतावरी, गिलोय समेत अन्य हैं। डॉ. तोमर के अनुसार मौसमी भिन्नता में वनस्पति विविधता अक्सर वर्षा ऋतु के बाद चरम पर होती है, जिसमें शाकीय प्रजातियों की उच्च विविधता होती है, जबकि गर्मी के महीनों में विविधता कम हो जाती है, विशेष रूप से शाकीय पौधों में।
इसलिए बड़ी है उपलब्धि
डॉ. अमित तोमर का कहना है कि यह शोध भविष्य में पर्यावरण संरक्षण, विद्यार्थियों के पादप वर्गीकरण अध्ययन और शहरी जैव विविधता को समझने में मील का पत्थर साबित होगा। इंडियन फारेस्टर वानिकी और वनस्पति विज्ञान के क्षेत्र में दुनिया की सबसे पुरानी और प्रतिष्ठित पत्रिकाओं में से एक है, जिसका 150 से अधिक वर्षों का गौरवशाली इतिहास रहा है। इसमें शोध पत्र का प्रकाशित होना मेरठ कॉलेज के लिए स्वर्णिम उपलब्धि है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।