मेरठ कॉलेज के जाफर वाले बाग में पेड़ कटाई पर NGT के जांच के आदेश, एक माह में DM सौंपेंगे रिपोर्ट
राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने मेरठ कॉलेज परिसर और जाफर वाले बाग में पेड़ों की अवैध कटाई के आरोपों की जांच के आदेश दिए हैं। डीएम को एक माह में तीन सदस्यीय समिति गठित कर रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है। यह आदेश विजित तालियान की याचिका पर आया, जिसमें कॉलेज प्रबंधन सचिव पर 1100 से अधिक हरे पेड़ काटने का आरोप है।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, मेरठ। राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) की दिल्ली प्रधान पीठ ने मेरठ कालेज परिसर और उससे संबद्ध जाफर वाले बाग में बड़े पैमाने पर हरे पेड़ों की अवैध कटाई के आरोपों की जांच के लिए संयुक्त समिति गठन करने का आदेश दिया है। डीएम को आदेश दिया है कि वह तीन सदस्यीय कमेटी गठन के साथ एक माह में इसकी रिपोर्ट दें।
एनजीटी के न्यायमूर्ति अरुण कुमार त्यागी, न्यायिक सदस्य व विशेषज्ञ सदस्य डा. अफरोज अहमद की पीठ ने विजित तालियान की याचिका पर यह आदेश दिया है।
याचिका में कहा गया कि मेरठ कालेज की प्रबंधन समिति के सचिव विवेक गर्ग की ओर कालेज परिसर से 100 से अधिक हरे पेड़ और कालेज से संबद्ध जाफर वाले बाग से एक हजार से अधिक पेड़ों की अवैध कटाई कर उन्हें बेच दिया गया। यह वन संरक्षण अधिनियम-1980 का उल्लंघन है।
इसके मद्देनजर अधिकरण ने डीएम को उत्तर प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड व प्रभागीय वन अधिकारी मेरठ के प्रतिनिधियों को सम्मिलित करते हुए संयुक्त समिति गठित करने को कहा है।
इस बारे में मेरठ कालेज प्रबंध समिति के सचिव विवेक गर्ग ने कोई भी जवाब देने से मना कर दिया। हालांकि पूर्व में प्रबंध समिति ने छात्रों के आरोपों को निराधार बताते हुए पेड़ नहीं काटे जाने की बात कही थी।
मेरठ कालेज प्रबंध समिति की ओर से पेड़ों को कटवाने का आरोप लगाते हुए छात्रों ने आंदोलन भी किए थे। इसके बाद विजित तालियान ने एनजीटी में शिकायत की थी।