वीर नारियों को ड्रोन उड़ाने की ट्रेनिंग देगी सेना, मेरठ में 'प्रोजेक्ट वीर शक्ति' की हुई शुरुआत
पश्चिम यूपी सब एरिया मुख्यालय ने 'प्रोजेक्ट वीर शक्ति' के तहत वीर नारियों और पूर्व सैनिकों की विधवाओं को कृषि ड्रोन संचालन का निःशुल्क प्रशिक्षण देने की पहल की है।
-1795898927876_m.webp)
पश्चिमी उत्तर प्रदेश सब एरिया के जीओसी ईसीएचएस पालीक्लिनिक मेरठ-1 में नवनिर्मित कॉमन सर्विस सेंटर का उद्घाटन समारोह में मौजूद
HighLights
वीर नारियों को कृषि ड्रोन संचालन का निःशुल्क प्रशिक्षण।
ईसीएचएस पॉलीक्लीनिक में कॉमन सर्विस सेंटर का उद्घाटन।
पूर्व सैनिकों व आश्रितों के लिए आयुष ओपीडी शुरू।
जागरण संवाददाता, मेरठ। पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के साथ वीर नारियों और बलिदानी सैनिकों की वीरनारियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में पश्चिम यूपी सब एरिया मुख्यालय ने शनिवार को दो महत्वपूर्ण पहल कीं। जीओसी मेजर जनरल सुमित राणा की अगुवाई में प्रोजेक्ट वीर शक्ति की शुरुआत की गई। इसके तहत वीर नारियों और पूर्व सैनिकों की विधवाओं को कृषि ड्रोन संचालन का निश्शुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा।
वहीं, ईसीएचएस पॉलीक्लीनिक में कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) और आयुष ओपीडी का उद्घाटन भी किया गया। प्रोजेक्ट वीर शक्ति के तहत पश्चिम यूपी सब एरिया मुख्यालय ने कृषि ड्रोन तकनीक में विशेषज्ञता रखने वाली कंपनी डब्ल्यूओडब्ल्यू गो ग्रीन लिमिटेड के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।
इस पहल का उद्देश्य वीर नारियों और सैन्यकर्मियों की विधवाओं को आधुनिक कृषि तकनीक का प्रशिक्षण देकर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना है। प्रशिक्षण पूरी तरह निश्शुल्क होगा। इससे महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के साथ तेजी से विकसित हो रहे कृषि ड्रोन क्षेत्र में काम करने का अवसर मिलेगा।
योजना के अगले चरण में इच्छुक पूर्व सैनिकों को भी भुगतान के आधार पर प्रशिक्षण देने की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए स्वयंसेवकों की उपलब्धता को आधार बनाया जाएगा। एमओयू हस्ताक्षर समारोह में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, वीर नारियां और सेवारत सैन्यकर्मी मौजूद रहे। सेना की यह पहल पारंपरिक कल्याणकारी सहायता से आगे बढ़कर कौशल विकास और आजीविका के स्थायी अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
ईसीएचएस में आयुष ओपीडी शुरू, सीएससी भी खुला
पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ईसीएचएस पालीक्लीनिक में नई सुविधाओं की शुरुआत की गई। मेजर जनरल सुमित राणा ने नवनिर्मित कामन सर्विस सेंटर का उद्घाटन किया और आयुष ओपीडी पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को समर्पित की।
कॉमन सर्विस सेंटर में ईसीएचएस स्मार्ट कार्ड से जुड़ी समस्याओं के समाधान और आईटी संबंधी कार्यों के लिए एक ही छत के नीचे सहायता मिलेगी। इससे लाभार्थियों को विभिन्न तकनीकी और प्रशासनिक समस्याओं के समाधान के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। परिसर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त कंटेनर आधारित कैफेटेरिया भी तैयार किया गया है।
देश के 10 पॉलीक्लीनिक में मेरठ भी शामिल
आयुष ओपीडी की शुरुआत मेरठ के लिए विशेष उपलब्धि है। रक्षा मंत्रालय के पूर्व सैनिक कल्याण विभाग ने पहले चरण के पायलट प्रोजेक्ट के तहत देश के केवल 10 ईसीएचएस पालीक्लीनिक का चयन किया है, जिनमें मेरठ भी शामिल है।
इस सुविधा को शुरू करने के लिए स्टेशन मुख्यालय की ओर से आयुष चिकित्सा अधिकारी और आयुष फार्मासिस्ट की नियुक्ति की गई है। दवाओं की खरीद की प्रक्रिया भी चल रही है। आयुष ओपीडी के माध्यम से पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को मौजूदा चिकित्सा सेवाओं के साथ उपचार का एक अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध होगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।