विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमित कश्यप हत्याकांड: सांप से डसवाकर की थी हत्या, अब कोर्ट तय करेगा सजा

Published: Fri, 16 Oct 2026 03:19 PM (GMT+05:30)

मेरठ के चर्चित अमित कश्यप हत्याकांड में आज अपर जिला जज कोर्ट संख्या 12 की अदालत सजा सुनाएगी। पत्नी रविता ...और पढ़ें

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, मेरठ। सांप के नाम से चर्चित अमित कश्यप हत्याकांड में आज अपर जिला जज कोर्ट संख्या 12 की अदालत सजा सुनाएगी। 86 तारीखों की सुनवाई और 12 गवाहों की गवाही के बाद दोनों आरोपितों को सात अक्टूबर को दोषी करार दिया जा चुका है। मामले की विवेचक दारोगा इंदू वर्मा की भूमिका भी अहम मानी जा रही है।

परिवार और पत्नी के इन्कार के बावजूद उन्होंने अमित के शव का जबरन पोस्टमार्टम कराया था। रिपोर्ट में सामने आया कि अमित की हत्या गला दबाकर की गई थी। विवेचना में पता चला कि अमित की कमर के नीचे घोड़ापछाड़ सांप की पूंछ दबाई गई थी। पूंछ दबने पर सांप ने अमित को पांच बार काटा। काटने के निशान देखकर गांव के लोगों ने सर्पदंश को मौत की वजह माना था। बुलंदशहर के गुलावटी में झाड़-फूंक भी कराई गई थी।

मुजफ्फरनगर के तितावी क्षेत्र के सैदपुर निवासी रविता की शादी नौ वर्ष पहले बहसूमा के अकबरपुर सादात निवासी अमित कश्यप से हुई थी। अमित टाइल और पत्थर लगाने का काम करता था। दंपती के तीन बच्चे है। अमित के साथ काम करने वाला अमरदीप पड़ोस में रहता था और रविता को चाची कहकर बुलाता था। इसी रिश्ते की आड़ में दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और करीब ढाई वर्ष पहले दोनों में प्यार हो गया।

12 अप्रैल 2025 को अमित, रविता और उनके तीन बच्चे शाकंभरी देवी के दर्शन करने गए। लौटते समय बहसूमा बस स्टैंड पर मौजूद अमरदीप से रविता ने अमित से नजर बचाकर बात की। दोनों ने उसी रात हत्या का फैसला किया। शाम तक सांप की व्यवस्था कर ली गई। अमरदीप ने उसे कुछ समय खेत में छिपाकर रखा।

रात करीब दस बजे खाना खाने के बाद अमित चारपाई पर सो गया। रात को अमरदीप थैले में सांप लेकर पहुंचा। रविता ने अमित के हाथ पकड़े और अमरदीप ने उसका गला दबा दिया। अमित की मौत के बाद दोनों ने शव के नीचे सांप छोड़ दिया। सांप की पूंछ दबी हुई थी। इसलिए उसने करीब पांच बार अमित के शरीर को काटा।

13 अप्रैल 2025 की सुबह रविता ने नाश्ता तैयार किया और बेटे को अमित के पास भेजा। चारपाई पर सांप देखकर बेटे ने शोर मचाया। परिवार ने समझा कि अमित को सांप ने डस लिया है। सांप का वीडियो बनाया गया। परिवार अमित के शव को उठाकर बुलंदशहर के गुलावटी में झाड़फूंक के लिए ले गए। वहां से लौटने के बाद अंतिम संस्कार करने लगे। तभी तत्कालीन थाना प्रभारी दारोगा इंदू वर्मा टीम के साथ गांव में पहुंची।

यह भी पढ़ें- मेरठ में पुलिस चौकी के पास से केवल 9 सेकेंड में बाइक चोरी, CCTV में कैद हुई घटना 

परिवार और पत्नी सभी लोग पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर रहे थे। पुलिस ने जबरन पोस्टमार्टम कराया। तीन दिन बाद रिपोर्ट आने पर पता चला कि अमित की गला दबाकर हत्या की। तब पुलिस ने रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को पकड़कर पूछताछ की। दोनों ने जुर्म कबूल कर लिया। तब से दोनों जेल में बंद है। सात अक्टूबर को अदालत ने दोनों को दोषी करार दिया था। शुक्रवार को अपर जिला जज कोर्ट संख्या 12 की अदालत में उन्हें सजा सुनाई जाएगी।

यह भी पढ़ें- मुजफ्फरनगर में नकली नोट गिरोह का भंडाफोड़, दिल्ली के फ्लैट में चल रही थी 'मिनी टकसाल', 3 गिरफ्तार