मखदूमपुर मेले की धीमी तैयारियों पर डीएम-एसएसपी नाराज, मेले का मानचित्र देखकर दिए कड़े निर्देश
मेरठ में कार्तिक पूर्णिमा के मखदूमपुर मेले की धीमी तैयारियों पर डीएम और एसएसपी ने नाराजगी व्यक्त की।

हस्तिनापुर: मखदूमपुर गंगा घाट पर मेले की तैयारियों का जायजा लेते डीएम डा. वीके सिंह व एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति। जागरण
HighLights
डीएम-एसएसपी ने मखदूमपुर मेले की धीमी तैयारियों पर नाराजगी जताई।
जिला पंचायत को तीन दिन में सभी व्यवस्थाएं पूरी करने का निर्देश।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु बैरिकेडिंग, सीसीटीवी, जांच के आदेश।
जागरण संवाददाता, मेरठ। कार्तिक पूर्णिमा के स्नान के लिए गंगा के मखदूमपुर घाट पर जिला पंचायत प्रत्येक वर्ष पांच दिवसीय मेले का आयोजन करती है। इस बार 20 से 24 नवंबर तक आयोजित होने वाले मेले की तैयारियों में विलंब हो गया है।
डीएम और एसएसपी मंगलवार को गंगा घाट पर मेले की तैयारी देखने पहुंचे और वहां तैयारी न देखकर नाराजगी जताई। उन्होंने जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी को तत्काल मेले की तैयारियां शुरू कराने तथा तीन दिन के भीतर सभी व्यवस्थाएं पूरी कराने को कहा।
20 नवंबर को होगा शुभारंभ
मखदूमपुर गंगा घाट पर लगने वाले गंगा स्नान मेले का इस बार शुभारंभ 20 नवंबर को होगा और मेला 24 नवंबर तक चलेगा। मेले की व्यवस्थाओं के लिए जिला पंचायत ने 70 लाख रुपये का बजट निर्धारित करके उसके टेंडर भी फाइनल कर दिए हैं, लेकिन ठेकेदार ने अभी तक मेले की व्यवस्थाओं की तैयारियां शुरू नहीं की हैं।
मंगलवार को डीएम डाॅ. वीके सिंह और एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति और अन्य अधिकारियों के साथ गंगा घाट पर मेलास्थल पर पहुंचे और तैयारियां न पाकर नाराजगी जताई। जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी वीएस कुशवाह ने बताया कि तूफान और बरसात के कारण जलजमाव था। इससे विलंब हुआ। अब तेजी से काम कराया जाएगा।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि
डीएम ने उन्हें प्रतिदिन मेले की तैयारियों की व्यक्तिगत मानिटरिंग करने, अतिरिक्त श्रमिक लगाकर तैयारियों को तीन दिन में पूर्ण कराने का निर्देश दिया। कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि होगी। स्नान के दौरान श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए मजबूत बैरिकेडिंग करके बल्लियों पर लाल झंडे लगाए जाएं। ताकि लोग उससे आगे न जा सकें।
मेला स्थल पर दस मोबाइल टायलेट, दस पेयजल टैंकर और घाट व मुख्य मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने का निर्देश दिया। एसएसपी ने इस दौरान कहा कि मेले में असामाजिक तत्वों, हुड़दंगियों और किसी भी प्रकार के अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जाए।
मेला परिसर और स्नान घाटों की सुरक्षा के लिए इस बार 50 एचडी सीसीटीवी कैमरे लगाकर निगरानी की जाएगी। मेले के सभी प्रवेश द्वार पर चेकिंग होगी, ताकि कोई भी व्यक्ति हथियार लेकर मेले में प्रवेश न कर सके। थानाध्यक्ष को अवैध शराब की बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने व मेले की आड़ में होने वाले अवैध खनन को सख्ती से रोकने का निर्देश दिया।
इस दौरान एसपी देहात अभिजीत कुमार, एसडीएम संतोष कुमार सिंह, सीओ पंकज लवानिया, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी सतेंद्र कुमार, बीडीओ मनोज भारद्वाज और थानाध्यक्ष दुष्यंत शर्मा सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- तिगरी मेले में आए ब्रेक डांस और ड्रैगन जैसे कई रोमांचक झूले, NOC के बाद ही संचालन की मिलेगी इजाजत
यह भी पढ़ें- गढ़मुक्तेश्वर और तिगरी मेले में जुटेंगे 30 लाख श्रद्धालु, CM योगी ने दिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।