मेरठ: महाराजा अग्रसेन के एकता, सेवा और समरसता के संदेश को अपनाने का संकल्प
Meerut News: मेरठ में विभिन्न संगठनों ने महाराजा अग्रसेन जयंती हर्षोल्लास से मनाई। इस अवसर पर समाज में एकता, सहयोग और जरूरतमंदों की सहायता पर बल दिया दिया गया।

कंकरखेड़ा में महाराजा अग्रसेन जयंती पर नमन करते श्रद्धालु। सौ. संस्था।
HighLights
मेरठ में महाराजा अग्रसेन जयंती पर कई स्थानों पर हुए आयोजन।
एक-दूसरे के सहभागी बनने और जरूरतमंदों की सहायता पर दिया बल।
जागरण संवाददाता, मोदीपुरम (मेरठ)। महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर शहर में विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम का आयोजन कर उनके मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया।
रविवार को कंकरखेड़ा में भारतीय वैश्य परिवार महासंघ के राष्ट्रीय महामंत्री अंकित गुप्ता के आदर्श नगर स्थित आवास पर महाराजा अग्रसेन जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। जिसमें मुख्य अतिथि संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. राजीव गुप्ता ने महाराजा अग्रसेन एवं माता लक्ष्मी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित किया। महाराजा अग्रसेन के बताए मार्ग पर चलने काे प्रेरित किया।
महाराजा अग्रसेन के विचार आज भी समाज को संगठित होकर आगे बढ़ने और आपसी मतभेदों को दूर कर एकता के सूत्र में बंधने की प्रेरणा देते हैं। उनका जीवन हमें सिखाता है कि समाज की वास्तविक उन्नति तभी संभव है, जब सभी लोग एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनें और जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आएं।
उधर कंकरखेड़ा स्थित एमिटो आइस वर्ल्ड में महाराजा अग्रसेन एकता मंच के कार्यालय पर समारोह आयोजित किया गया। पदाधिकारियों और सदस्यों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए और आरती कर आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने उनके जीवन, आदर्शों और समाज के प्रति योगदान को याद किया। उनके विचार आज भी सामाजिक समरसता, समानता और परस्पर सहयोग की प्रेरणा देते हैं।
समारोह में समाज में एकता, सहयोग और भाईचारे की भावना मजबूत करने पर जोर दिया गया। संस्था के संरक्षक नवीन अग्रवाल, अध्यक्ष अमित गुप्ता, महामंत्री विपिन गुप्ता, उपाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी डा. अंकित गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
अंतरराष्ट्रीय वैश्य संगठन द्वारा महाराज अग्रसेन की जयंती पर जरूरतमंदों को फल, मिठाई और आवश्यक सामग्री वितरण की। मुख्य अतिथि राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष ममता सिंघल ने कहा कि महाराज अग्रसेन का एक रुपया और एक ईंट का संदेश आज भी प्रासंगिक है। मंडल अध्यक्ष अवनीश सिंघल ने कहा कि वैश्य समाज को एकजुट होकर सामाजिक और आर्थिक उत्थान में बढ़-चढ़कर योगदान देना चाहिए।
जिलाध्यक्ष नमन अग्रवाल ने कहा कि उनके सामाजिक समरसता के सिद्धांतों पर चलकर ही हम एक सशक्त और आत्मनिर्भर समाज का निर्माण कर सकते हैं।
